
पेशावर। पाकिस्तान के आम चुनाव में कुछ उम्मीदवारों ने वोट पाने के लिए भावनात्मक कार्ड खेलकर जीत तो हासिल कर ली,मगर अब पोल खुलने के बाद वे लोग अपना चेहरा दिखाने लायक नहीं रह गए हैं। पाकिस्तान में आम चुनाव के दौरान खुद को चायवाले के रूप में पेश करने वाले पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पीटीआई के सांसद करोड़पति निकले। गौरतलब है कि चुनाव के वक्त वह मीडिया में 'चायवाला' के तौर पर खासे चर्चित हुए थे। वे अपने गरीब परिवार को बेटा बताकर चुनाव में उतरे थे। इसे जनता के बीच उन्हें खासी लोकप्रियता भी मिली और जमकर वोट मिले। मगर जब मीडिया ने पाकिस्तान निर्वाचन आयोग से चुनाव के वक्त उनके द्वारा दाखिल दस्तावेज खंगाले तो पता चला कि वे करोड़पति हैं। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के एनए 41(बाजौर)सीट से पीटीआई सांसद गुल जफर खान के पास तीन करोड़ रुपये की संपत्ति निकली है।
सांसद कपड़े के व्यापार से जुड़े
दस्तावेज के अनुसार,निर्वाचित सांसद कपड़े के व्यापार से जुड़े हुए हैं। जफर के पास एक करोड़ रुपये की अचल संपत्ति के अलावा दो घर और खेती योग्य भूमि भी है जिसकी कीमत एक करोड़ बीस लाख रुपये है। मीडिया में ऐसी चर्चा थी कि इमरान खान की पार्टी का टिकट मिलने से पहले वह रावलपिंडी के एक होटल में चाय बनाने का काम करते थे। पाकिस्तान में 25 जुलाई को हुए आम चुनाव से पहले इलाके में लोगों को चाय परोसते जफर की तस्वीर खींची गई थीं।
चाय परोसते उनका वीडिया वायरल हुआ
चाय परोसते उनका वायरल हुआ एक वीडियो मतदान के बाद भी शूट किया गया था। इससे जनता में उनके प्रति एक भावनात्मक जुड़ाव हुआ और उन्हें जमकर वोट मिले। जफर ने जीत के बाद इस वीडियो के लिए कहा था कि यह मेरा काम है और मैं यहां सांसद बना हूं।' उन्होंने दावा किया कि उनका मुख्य ध्यान सभी के लिए शिक्षा और संस्थानों में सुधार लाने पर होगा।