विश्‍व की अन्‍य खबरें

Joe Biden का ऐलान, भारतीय मूल की Kamala Harris बनीं अमरीकी उपराष्ट्रपति पद की उम्मीदवार

Highlights कैलिफोर्निया की सीनेटर कमला हैरिस (Kamala Harris) एक समय जो बिडेन (Joe Biden) को राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए चुनौती दे चुकी हैं। अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव (US Presidential Election) में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बिडेन ने हैरिस को बहादुर योद्धा और अमरीका के बेहतरीन नौकरशाहों में से एक बताया।

2 min read
कमला हैरिस।

वाशिंगटन। डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव (US Presidential Election) में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बिडेन (Joe Biden) ने मंगलवार को भारतीय मूल की कैलिफोर्निया सीनेटर कमला हैरिस (Kamala Harris) को उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रूप में चुना है। जो बिडेन ने मंगलवार को ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। इस सूचना के बाद भारतीय-अमरीकी समुदाय में खुशी की लहर है।

बिडेन ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा कि ये बताते हुए उन्हें गर्व हो रहा है कि कमला हैरिस को उन्होंने अपना उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुना है।

उन्होंने अगले ट्वीट में कहा कि जब कमला हैरिस कैलिफोर्निया की अटॉर्नी जनरल थीं तब से वे उनको जानते हैं। उनके काम के तौर-तरीकों को वे जानते हैं। उन्होंने खुद देखा है कि वे कैसे बड़े-बड़े बैंकों को चुनौती दे चुकी हैं। कमला ने लोगों की काफी मदद की और महिलाओं-बच्चों को शोषण से बचाया। वे उस समय भी गर्व महसूस करते थे और आज भी गर्व महसूस कर रहे हैं जब वो इस अभियान में उनकी सहयोगी होंगी।' बिडेन ने हैरिस को बहादुर योद्धा और अमरीका के बेहतरीन नौकरशाहों में से एक बताया।

भारतीय मूल की सीनेटर कमला हैरिस के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के तौर पर चुने जाने से भारतीय-अमरीकी समूह में खुशी की लहर है। अमरीका भर में अग्रणी भारतीय-अमरीकी समूहों ने बिडेन के निर्णय की सराहना की है। उनका कहना है कि यह अमरीका में पूरे समुदाय में गर्व और उत्साह के पल हैं।

कौन हैं कमला हैरिस

गौरतलब है कि 55 वर्षीय हैरिस के पिता जमैका के रहने वाले अफ्रीकी हैं। वहीं उनकी मां भारतीय हैं। वर्तमान में वे कैलिफोर्निया से अमरीकी सीनेटर हैं। कमला हैरिस खुद बीते साल तक राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार रही हैं। मगर उन्हें इसे लेकर ज्यादा समर्थन नहीं मिल सका। एक बार तो वे बिडेन से बहस में भिड़ चुकी हैं। वे नस्लवाद विरोध को लेकर चर्चा कर रही थीं। हैरिस का कहना है कि वह हमेशा अपनी पहचान के साथ सहज रही हैं और खुद को "एक अमरीकी" के रूप में वर्णित करती हैं। बात दें अमरीका में तीन नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव हैं।

कमला हैरिस ने बिडेन का आभार व्यक्त किया

कमला हैरिस ने ट्वीट में कहा कि जो बिडेन अमरीकी लोगों को एक करने में सक्षम हैं क्योंकि उन्होंने हम लोगों के लिए लड़ते हुए अपनी पूरी जिंदगी लगा दी। राष्ट्रपति के तौर पर वो एक ऐसे अमरीका बनाएंगे जो कि हमारे आदर्शों पर खरा उतरेगा। वे अपनी पार्टी की तरफ से उप-राष्ट्रपति की उम्मीदवार के तौर पर उनके साथ शामिल होने पर गर्व महसूस कर रहीं हैं। बिडेन को अपना कमांडर इन चीफ बनाने के लिए जो भी करना पड़ेगा वे करेंगी।

Updated on:
12 Aug 2020 11:13 am
Published on:
12 Aug 2020 08:29 am
Also Read
View All