
वाशिंगटन। देश के विदेश मंत्री एस जयशंकर की मुलाकात टोक्यो में मंगलवार को अमरीका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियों से हुई। इस दौरान विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि इतने सारे क्षेत्रों में दोनों देशों की साझेदारी है। ये देखकर उन्हें प्रसन्नता होती है। भारत-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता व समृद्धि के लिए वे काम करेंगे।
गौरतलब है कि क्वाड की दूसरी मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लेने पोम्पियो और जयशंकर टोक्यो पहुंचे हैं। ‘क्वाड’ चार देशों का समूह है। इसमें अमरीका और भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया व जापान की हिस्सेदारी है। पोम्पियो और जयशंकर के बीच फोन पर नियमित अंतराल पर बातचीत होती रही है। चीन के साथ सीमा पर भारत के हालिया तनाव के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली मुलाकात हुई है।
इससे पहले अमरीकी विदेश विभाग का कहना था कि पोम्पियो का जापान के नए प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा और अपने जापानी समकक्ष तोशीमित्सु मोटेगी से भी मुलाकात का कार्यक्रम है।
पोम्पियो ने अपने साथ सफर कर रहे रिपोर्टर से बातचीत में क्वाड मंत्रिस्तरीय बैठक के दौरान अहम घोषणाएं और उपलब्धियां हासिल होने की उम्मीद व्यक्त की थी। पोम्पियो के अनुसार यह एक शानदार दौरा है। यह उन मुद्दों का समर्थन करता है,जिसके लिए वे काफी समय से काम कर रहे थे। वे कुछ अहम घोषणाओं और उपलब्धियों की उम्मीद कर रहे हैं।' टोक्यो जाने से पहले पोम्पियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बात की थी।