चीन के वुहान से निकला कोरोना वायरस अब भारत समेत पूरी दुनिया में मचा रहा कोहराम इस जानलेवा वायरस से 7 हजार से अधिक लोगों की मौत, एक लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
नई दिल्ली। चीन के वुहान से निकला कोरोना वायरस ( Coronavirus in China ) अब भारत समेत पूरी दुनिया में कोहराम मचा रहा है। दुनिया के आधे से ज्यादा देश कोरोना का दंश झेल रहे हैं।
इस जानलेवा वायरस ( Coronavirus ) से अब तक सात हजार से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जबकि एक लाख से ज्यादा लोग इससे प्रभावित हैं।
सभी देश अपने-अपने स्तर पर इस घातक बीमारी का तोड़ तलाशने में जुटे हैं। वहीं, इस क्रम में नॉर्वे ( Norway ) ने अपने नागरिकों पर कड़े प्रतिबंध लगाए हैं।
नार्वे के अधिकारियों के अनुसार अगर कोई संदिग्ध आइसोलेशन वार्ड से भागने का प्रयास करता है तो उस पर 20,000 क्रोनर ( नार्वे की मुद्रा) यानी की 1 लाख 40 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।
इस बीच अगर वह शख्स जुर्माने की रकम भरने में सक्षम नहीं तो उसको 15 दिन की जेल काटनी होगी। आपको बता दें कि कोरोना संदिग्ध मरीजों को आइसोलशन वार्ड में रखा जाता है।
ऐसे में कुछ संदिग्ध वहां से भागने का प्रयास करते हैं। ऐसे में उनके संपर्क में आने पर अन्य लोगों में भी संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है।
इस समस्या से निजात पाने के लिए नार्वे सरकार ने यह कदम उठाया है।
इसके साथ नार्वे में कोरोना संदिग्ध के अपने गृह नगर को छोड़कर देश में किसी अन्य जगह जाने पर भी बैन लगाया गया है। नार्वे ने ऐसे लोगों पर एक लाख रुपए के जुर्माने और दस दिन की जेल की सजा का ऐलान किया है।
वहीं, चीन में कोविड-19 के प्रकोप के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 3,237 हो गई है, जबकि एशियाई देश में कन्फर्म मामलों की संख्या बढ़कर 80,894 हो गई है।
अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, चीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने चीन में कोरोनावायरस संक्रमण के कारण 11 नई मौतों और 13 नए कन्फर्म मामलों की जानकारी दी।
ये भी पढ़ें