विश्‍व की अन्‍य खबरें

मोरक्को में वैज्ञानिकों ने खोजे एक लाख साल पुराने इंसानी फुटप्रिंट

शोध : वैज्ञानिकों का दावा-इंसाने के विकास का पता चलेगा

2 min read
Feb 13, 2024
मोरक्को में वैज्ञानिकों ने खोजे एक लाख साल पुराने इंसानी फुटप्रिंट

रवात. मोरक्को में वैज्ञानिक शोध के दौरान एक लाख साल पुराने निशान पाए गए हैं। मोरक्को, फ्रांस, जर्मनी और स्पेन के वैज्ञानिकों के संयुक्त शोध में दावा किया गया है कि निशान इंसान के पैरों के हैं। ये निशान उत्तरी मोरक्को में समुद्र के पास एक इलाके में एक चट्टान के ऊपर मिले हैं। वैज्ञानिकों के मुताबिक इन निशानों के अलग-अलग साइज को देखकर कहा जा सकता है कि ये पांच इंसानों के समूह के हैं। नेचर साइंस जर्नल में प्रकाशित इस शोध के मुताबिक पैरों के इन निशानों से मानव के विकास का पता लगाने में मदद मिलेगी। पुरातत्त्वविद मौनसेफ सेदराती के मुताबिक इंसानी पैरों के करीब 85 निशान हैं, जिन्हें देखकर लगता है कि इंसानों का समूह पानी की ओर जा रहा था। पहले इन निशानों को देखकर यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब और भी निशान मिले तो विश्वास हुआ। ये लगभग एक लाख साल पुराने हैं। इससे पहले उत्तरी अमरीका में भी पैरों के निशान पाए गए थे।

अलग-अलग साइज
अंगूठे और अंगुलियों के निशान से पता चलता है कि तब भी हमारे जैसे ही इंसान थे। अलग-अलग साइज से पता चलता है कि इसमे महिला-पुरुष और बच्चे भी शामिल थे। वैज्ञानिक इस नतीजे पर नहीं पहुंचे कि यहां वे करते क्या थे। हालांकि अंदाजा लगाया गया है कि समुद्र में भोजन की तलाश में जाते रहे होंगे। सेदराती की टीम ने फुटप्रिंट के आसपास जमा खनिज और कार्बन से पता लगाया कि ये कितने पुराने हैं।

हिमयुग के बाद के निशान
अध्ययन से पता चलता है कि उस समय हिमयुग खत्म हो चुका था। हालांकि अभी यह पता लगाना है कि वास्तव में उस वक्त जलवायु और मौसम कैसा था। इससे पहले 1995 में दक्षिण अफ्रीका के वेस्ट केप प्रांत में पाए गए पैरों के निशान सबसे पुराने बताए जाते हैं। इनकी उम्र एक लाख 17 हजार वर्ष बताई जाती है। इन फुटप्रिंट की लंबाई 8.7 इंच है। इनके अध्ययन से पता चला कि उस वक्त भी पैरों का आकार चप्पल के डिजाइन में ही था और महिलाओं की ऊंचाई लगभग 122 सेंटीमीटर रही होगी।

Published on:
13 Feb 2024 11:58 pm
Also Read
View All