
लाहौर। भारत के कश्मीर से आर्टिकल 370 खत्म करने के बाद से पाकिस्तान एक-एक करके बचकाने और आक्रमक कदम उठा रहा है। अपनी बौखलाहट में पाकिस्तान कभी व्यापार संबंध रद्द कर रहा है, कभी अंतरराष्ट्रीय पटल पर इस मुद्दे का ढिंढोरा पीट रहा है।
अब इसी कड़ी उसने अब भारतीय फिल्म कलाकारों पर भी कीचड़ उछालना शुरू कर दिया है। दरअसल, पाकिस्तान की मानवाधिकार मंत्री एम शिरीन मजारी ने प्रियंका चोपड़ा के खिलाफ यूनिसेफ का दरवाजा खटखटाया है।
कश्मीर पर समर्थन जताने के खिलाफ पत्र
शिरीन मजारी ने प्रियंका चोपड़ा के खिलाफ आरोप लगाते हुए कहा कि,'UN की गुडविल एंबेसेडर फॉर पीस प्रियंका चोपड़ा जम्मू कश्मीर पर भारत सरकार के फैसले का समर्थन करती हैं।' अपने पत्र में शिरीन ने भारत सरकार और कश्मीर के बारे में भी जिक्र किया है। शिरीन ने लिखा है कि मोदी सरकार ने कश्मीर मामले में अतंरराष्ट्रीय मूलों का उल्लंघन किया है, वहीं, प्रियंका ने उनके इस फैसले को सार्वजनिक रूप से समर्थन देने का दावा किया है।
कहां से शुरू हुआ विवाद?
हुआ ये था कि हाल ही में प्रियंका चोपड़ा एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंची थीं। उसी दौरान एक पाकिस्तानी कार्यकर्ता आयशा मलिक प्रियंका पर भड़क गई। कार्यकर्ता प्रियंका पर कुछ महीने पहले किए उनके ट्वीट के लिए निशाना साधा। इस ट्वीट में प्रियंका ने भारतीय सेना की तारीफ की थी।