शनिवार देर रात ह्यूस्टन पहुंचे पीएम मोदी कश्मीरी पंडित समुदाय के सदस्य ने आर्टिकल 370 पर फैसले के लिए जताया आभार
टेक्सास। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वक्त अमरीका के सात दिवसीय दौरे पर ह्यूस्टन पहुंचे हैं। शनिवार देर रात ह्यूस्टन पहुंचे पीएम मोदी से अलग-अलग समुदाय के लोगों ने मुलाकात की। इस दौरान जहां एक ओर कश्मीरी पंडितों ने आर्टिकल 370 पर पीएम का धन्यवाद किया तो वहीं, सिख समुदाय ने भी करतारपुर कोरिडोर के लिए शुक्रिया अदा किया।
करतारपुर कॉरिडोर के लिए किया धन्यवाद
शनिवार को कैलिफोर्निया के अर्विन क्षेत्र के वर्तमान आयुक्त अविंदर चावला ने पीएम मोदी से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने मीडिया को इस बारे में जानकारी दी। चावला ने बताया कि,'हमने मोदी जी को ज्ञापन सौंपा है। इसके साथ ही सिख समुदाय के लिए काम करने के लिए हमने मोदी जी को धन्यवाद कहा है। खासकर, हमने करतारपुर कॉरिडोर के लिए धन्यवाद कहा है।' चावला ने आगे कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप भी यहां हाउडी मोदी कार्यक्रम के लिए आ रहे हैं। इससे साफ पता चलता है कि पीएम मोदी कितने महत्वपूर्ण नेता हैं।'
कश्मीरी पंडितों ने भावुक होकर चूम लिया पीएम मोदी के हाथ
पीएम मोदी के स्वागत में कश्मीरी पंडित भी पहुंचे। कश्मीर से अनुच्छेद हटाए जाने के बाद पहली बार मिलने पर कश्मीरी पंडितों का प्रतिनिधित्व करने वाले सुरिंदर कौल ने अपनी भावुकता में पीएम मोदी का हाथ चूम लिया। कश्मीर पर इस फैसले का स्वागत करते हुए उन्होंने पीएम से कहा कि जम्मू कश्मीर के विकास के लिए उठाए जाने वाले हर कदम में आपके साथ हैं।
'आप लोगों ने बहुत कुछ सहा है'
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद कौल ने मीडिया को बताया, 'हमने पीएम को सात लाख कश्मीरी पंडितों की तरफ से इस ऐतिहासिक फैसला पर शुक्रिया कहा। प्रधानमंत्री ने हमसे कहा कि आप लोगों ने बहुत कुछ सहा है और हम साथ मिलकर नया कश्मीर बनाएंगे।
एयरपोर्ट पर भारतीय समुदाय के लोगों ने किया जबरदस्त स्वागत
इसके अलावा पीएम मोदी से बोहरा समुदाय के सदस्यों ने भी मुलाकात की। आपको बता दें कि ह्यूस्टन पहुंचने से पहले पीएम मोदी जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में दो घंटे रुके थे। शनिवार देर रात जब वे ह्यूस्टन के जार्ज बुश इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचे तो भारतीय समुदाय के लोगों की जबरदस्त भीड़ में उनके स्वागत के लिए खड़े थे। सबने पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया।