
नई दिल्ली। पोप फ्रांसिस ने सीरिया और दुनिया के अन्य हिस्सों में जारी संकट पर अपनी चिंता जाहिर की है। पोप ने सेंट पीटर के स्क्वायर में लोगों से कहा कि वह सीरिया और दुनिया की अन्य जगहों में जो भी हिंसक कार्यवाही चल ही उससे काफी परेशान हैं। अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि इन गंभीर मुद्दो पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की असफलता काफी गंभीर समस्या है।
क्यों नहीं बन पा रही आम सहमति
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय के पास पर्याप्त संसाधन और उपकरण हैं, लेकिन इन सब के बावजूद सीरिया या दुनिया के अन्य क्षेत्रों में शांति के लिए आम सहमति नहीं बन पा रही है। बता दें कि यह बातें पोप ने रविवार को अपने पारंपरिक आशीर्वाद कार्यक्रम के दौरान कहीं। इस दौरान वहां पर 30,000 से ज्यादा लोग मौजूद थे।
शांति की अपील
वहीं, पोप फ्रांसिस ने सभी लोगों को शांति की स्थापना के लिए प्रार्थना करने में शामिल होने के लिए कहा। साथ ही उन्होंने न्याय की प्रबलता में मदद करने के लिए राजनीतिक नेताओं से अपील की। पोप ने सीरिया पर यह चिंता पहले भी जताई थी, जब वहां रासायनिक हमला हुआ था। फ्रांसिस ने पिछले रविवार को कहा था कि रासायनिक हथियारों का प्रयोग करना बहुत गलत है। यह मानवता के लिए खतरा है। इस संबंध में सबको एक साथ बैठकर वार्ता करने की आवश्कता है।
सीरिया संकट
बता दें कि पोप ने यह बात उस समय कही है जब अमरीका, फ्रांस और ब्रिटेन की ओर से सीरिया में रासायनिक हमले के विरोध में हवाई हमला किया गया है। वहीं, अमरीका की ओर से हुए इस मिसाइल हमले से पहले सीरिया में कुछ दिन पहले रासायनिक हमला हुआ था, जिसमें 100 से भी ज्यादा लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। इस हमले में सबसे ज्यादा बच्चों की मौत हुई थी। रूस ने अमरीका की ओर से सीरिया पर किए गए हमले को गलत बताया था।