50 हजार से अधिक अमरीकी भारतीय को दो राष्ट्राध्यक्ष संबोधित करेंगे अगले साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए अभी से तैयारी में जुटे ट्रंप
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी और अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहली बार एक साथ मंच साझा करने वाले हैं। अमरीका में यह पहली बार होगा जब करीब 50 हजार से अधिक अमरीकी भारतीयों को दो राष्ट्राध्यक्ष एक साथ संबोधित करेंगे। मोदी कल यानि 22 सितंबर को ह्यूस्टन में 'हाउडी मोदी' कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसमें अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी साथ होंगे।
ट्रंप के इस सभा में पहुंचने को लेकर पूरी दुनिया हैरान है। खासकर पड़ोसी देश पाकिस्तान के लिए यह सबसे अधिक हैरानी वाली बात है। मगर इस जुंगलबंदी के पीछे सबसे बड़ा कारण अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव है जो अगले साल होने वाला है। इस चुनाव को लेकर डोनाल्ड ट्रंप अभी से तैयारियों में जुट गए है।
ट्रंप इस मौके को भुनाना चाहते हैं। इसमें खुद मोदी के साथ वह मंच साझा करके अमरीका में रहे भारतीयों को वह रिझाना चाहते हैं। इस तरह से वह हजारों भारतीय अमरीकी को अपने पाले में लाने में कामयाब हो सकेंगे। गौरतलब है कि पिछले अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव में भारतीय अमरीकी वोटरों ने ट्रंप का समर्थन किया था। 3 नवंबर 2020 को अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। इस साल ट्रंप के साथ मोदी की दो बार मुलाकात हो चुकी है। कश्मीर मसले पर भी अमरीका ने भारत का साथ दिया है।
21 से 27 सितंबर तक अमरीका दौरा
अमरीका यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कतिपय स्टार्टअप्स के शीर्ष अधिकारियों से भी मिल सकते हैं। इस दौरान वे भारत में उनकी मौजूदगी बढ़ाने के लिए उनको प्रोत्साहित कर सकते हैं। प्रधानमंत्री 21 से 27 सितंबर तक अमरीका के दौरे पर रहेंगे। ह्यूस्टन के कार्यक्रम के बाद 23-27 सितंबर के बीच पीएम मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा के कार्यक्रम में शामिल होंगे।