
नई दिल्ली।पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के लिए देश को भ्रष्टाचार से मुक्त कराना बड़ी चुनौती होगी। इसके लिए उन्हें चीन से भी पंगा लेना पड़ सकता है। गौरतलब है कि पाक की खस्ताहाल अर्थव्यवस्था इस समय अमरीका के मुकाबले चीन पर ज्यादा निर्भर है। ऐसे में चीन को नाराज करना पाक के लिए भारी पड़ सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक,चीन-पाकिस्तान इकनॉमिक कॉरिडोर (सीपीइसी)से कथित लाभ उठाने वाले नवाज शरीफ सरकार के नेताओं और मंत्रियों का पर्दाफाश करना आसान नहीं है क्योंकि इससे चीन के साथ पाकिस्तान के संबंधों पर असर पड़ेगा।
चीन का सामना करना खान के लिए होगा मुश्किल
सीपीइसी प्रॉजेक्ट में पिछली सरकार में कथित रूप से कमीशन लेने के मुद्दे पर चीन का सामना करना खान के लिए मुश्किल भरा हो सकता है। चीन के लिए सीपीइसी सबसे महत्वपूर्ण है। खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के चुनावी घोषणापत्र में सभी नागरिकों से पारदर्शिता का वादा किया गया था। साथ ही एक ऐसा पाक बनाने का वादा किया गया था,जो पारदर्शिता,परस्पर जरूरतों और संप्रभुता के प्रति सम्मान के आधार पर सभी राज्यों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध रखे। सीपीइसी के बारे में बातचीत के दौरान पिछली सरकार द्वारा अपनाए गए तरीके की जानकारी की मांग खान की पार्टी पहले से करती रही है।
280 खरब रुपए कर्ज के बोझ से दबा पाक
पाकिस्तान का पीएम बनने के बाद इमरान खान ने देश के नाम अपने संबोधन में कहा है कि देश 280 खरब रुपए कर्ज के बोझ से दबा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस कर्ज का ब्याज चुकाने तक की क्षमता देश में नहीं है। ऐसे में इमरान के लिए भ्रष्टाचार को रोकना इसलिए कठिन होगा क्योकि इस कर्ज में सबसे अधिक योगदान चीन का है। अमरीका ने जब से उसे आर्थिक सहायता देना कम किया है,तब चीन पाक के लिए आर्थिक मददगार साबित हुआ है। आने वाले समय पाक चीन से और भी कर्ज ले सकता है।