29 सितंबर से लेकर 4 अक्टूबर के बीच का है आंकड़ा छह दिनों में करीब 19,000 करोड़ रुपये की हुई बिक्री
नई दिल्ली: फेस्टीव सीजन के दौरान चल रहे सेल के दौरान ई-कॉमर्स साइट अमेजन और फ्लिपकार्ट ने बिक्री के मामले में इस साल अपने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। रिपोर्ट की माने तो 29 सितंबर से लेकर 4 अक्टूबर के बीच महज छह दिनों में कुल तीन अरब (करीब 19,000 करोड़ रुपये) की कुल बिक्री की है। इस आंकड़े का जिक्र मंगलवार को एक रिपोर्ट में किया गया।
बेंगलुरू की रिसर्च कंपनी रेडसीयर कंसल्टेंसी ने बताया कि इन छह दिनों की बिक्री में वॉलमार्ट की स्वामित्व वाली कंपनी फ्लिपकार्ट और अमेजन की हिस्सेदारी 90 फीसदी रही। त्योहारी सीजन की बिक्री के पहले संस्करण में जोर पकड़ी खरीदारी को देखते हुए उम्मीद की जाती है कि अमेजन और फ्लिपकार्ट की ऑनलाइन बिक्री छह अरब डॉलर (39,000 करोड़ रुपये) तक जा सकती है।
रेडसीयर कंसल्टिंग के संस्थापक व सीईओ अनिल कुमार ने कहा, "चुनौतीपूर्ण आर्थिक माहौल के बावजूद त्योहारी सीजन के पहले दौर में रिकॉर्ड तीन अरब डॉलर की खरीदारी हुई है, जिससे ऑनलाइन खरीदारी के प्रति उपभोक्ताओं में तेजी के रुझान का संकेत मिलता है।"
इसके अलावा ई-कॉमर्स साइट्स फेस्टिव सीजन को देखते हुए ग्राहकों के लिए बैक-टू-बैक सेल ला रही हैं। इसी कड़ी में अब फ्लिपकार्ट ( Flipkart ) ने Big Diwali Sale का आयोजन किया है। कंपनी की यह सेल दिवाली से पहले 12 अक्टूबर से शुरू होगी और 16 अक्टूबर तक चलेगी। ग्राहक सेल के दौरान स्मार्टफोन्स से लेकर टीवी अप्लायंस और इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स पर भारी छूट और ऑफर्स का फायदा उठा सकते हैं। इस सेल को ख़ास बनाने के लिए कंपनी ने एसबीआई बैंक के साथ साझेदारी की है जिसके तहत इसके क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने पर 10% का इंस्टेंट डिस्काउंट मिलेगा।