
नई दिल्ली: स्मार्टफोन निर्माता कंपनी Vivo ने चीनी मार्केट में अपना नया स्मार्टफोन Vivo Z3i लॉन्च कर दिया है। बता दें यह नया हैंडसेट दिखने में कुछ हद तक Vivo V11 की तरह ही लगता है। इस फोन के खासियत की बात करें तो इसमें वाटरड्रॉप डिस्प्ले नॉच, बिना बेज़ल वाले डिस्प्ले और फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है।
Vivo Z3i स्पेसिफिकेशंस, कैमरा और कीमत
Vivo के इस हैंडसेट के स्पेसिफिकेशंस की बात की जाए तो इसमें 6.3 इंच का फुल-एचडी+ (1080x2340 पिक्सल) सुपर एमोलेड डिस्प्ले है। आस्पेक्ट रेशियो 19:9 है। डुअल सिम सपोर्ट करने वाला यह स्मार्टफोन एंड्रॉयड 8.1 ओरियो पर आधारित फनटच ओएस पर चलता है। इस डिवाइस में मीडियाटेक हीलियो पी60 चिपसेट दिया गया है। फोन में 6 जीबी रैम दिया गया है। इसकी इंटरनल मेमोरी 128GB की है जिसे माइक्रो एसडी कार्ड के जरिए बढ़ाया जा सकता है।
फोटोग्राफी के लिए फोन में डुअल रियर कैमरा दिया गया है। इसका प्राइमरी कैमरा 16 मेगापिक्सल का है और सेकेंडरी कैमरा 2 मेगापिक्सल का है। वहीं, सेल्फी के लिए इसमें 24 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। इस स्मार्टफोन में फेस अनलॉक फीचर भी दिया गया है। कनेक्टिविटी फीचर के लिए फोन 4जी वीओएलटीई, जीपीएस, वाई-फाई और ब्लूटूथ 5.0 शामिल हैं। एंबियंट लाइट सेंसर, जायरोस्कोप और प्रॉक्सिमिटी सेंसर मौजूद हैं। पावर के लिए फोन में 3315 एमएएच की बैटरी दी गई है।
इस हैंडसेट की कीमत 2,398 चीनी युआन लगभग (25,600 रुपये) है। यह स्मार्टफोन मिलेनियम पिंक और ऑरोरा ब्लैक कलर वेरिएंट में उपलब्ध होगा।