मुरादाबाद

भाजपा-पीडीपी का गठबंधन टूटने पर आजम खां ने पीएम मोदी के लिए कह दी ऐसी बात कि लखनऊ से दिल्ली तक मचा हड़कंप

बोले- जम्मू-कश्मीर में तीन साल तक सरकार का मजा लेने के बाद अब वापस ले लिया समर्थन
2 min read
• •
Updated: 20 Jun 2018, 1:19 PM IST
rampur
भाजपा-पीडीपी का गठबंधन टूटने पर आजम खां ने पीएम मोदी के लिए कह दी ऐसी बात कि लखनऊ से दिल्ली तक मचा हड़कंप

रामपुर. समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री आजम खान ने जम्मू-कश्मीर में भाजपा और पीडीपी गठबंधन टूटने पर बड़ा हमला बोला है। आजम खान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अवसरवादिता की हदें पार कर दी हैं। जम्मू-कश्मीर में तीन साल तक सरकार का मजा लेने के बाद अब समर्थन वापस ले लिया है। पहले खुद मीठा खाते रहे, अब कड़वा खाने के लिए छोड़ दिया है। भाजपा पूरी तरह मौका परस्त है।

गौरतलब है मंगलवार को बीजेपी ने जम्मू-कश्मीर सरकार से अपना समर्थन वापस लेने की घोषणा की थी, जिसके बाद जम्मू-कश्मीर सरकार गिर गई थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को इस्तीफा देना पड़ा। आजम खान ने रामपुर में कहा कि पीएम मोदी ने तो वादा किया था कि वह एक सिर के बदले 10 सिर लाएंगे, उस वादे का क्या हुआ? उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को देश की या देश की जनता की कोई चिंता नहीं है, वह सिर्फ अपनी फिटनेस पर ही ध्यान दे रहे हैं। देश भले ही बीमार रहे, लेकिन वे पूरी तरह फिट हैं।

कश्मीर में सेना द्वारा पत्थरबाजों से निपटने के लिए पत्थरबाजों के ही साथियों को ही ढाल बनाए जाने के सवाल पर आजम ने कहा कि केंद्र और राज्य में सरकार भाजपा की थी तो शिकायत किससे कर रहे है। वहीं, शहीद औरंगजेब के घर आर्मी चीफ के दौरे पर सवाल खड़ा करते हुए आजम ने कहा कि बार्डर पर रोज सैनिक मारे जाते है, लेकिन आर्मी चीफ चीफ तो क्या सेना का कोई छोटा अधिकारी भी उनके घर नहीं जाता है। उन्होंने इसे बाकी शहीदों का अपमान बताया है।

वहीं स्वार-टांडा के विधायक अब्दुल्ला आजम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने देश के लोगों से जो वादे किए थे अभी तक पूरे नहीं हुए हैं। उसने सिर्फ मौके का फायदा उठाया है। उन्होंने अब जम्मू कश्मीर में भी ऐसा ही किया है। उनकी चालों को देश की जनता अच्छी तरह समझ चुकी है। आगामी लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।

Published on: