मुरादाबाद

इस बार सैलरी के लिए करना होगा इंतजार, यह है बड़ी वजह

वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर 10 लाख से भी ज्यादा बैंक कर्मचारी बुधवार से हड़ताल पर चले गए
2 min read
• •
Updated: 30 May 2018, 10:30 AM IST
salary
इस बार सैलरी के लिए करना होगा इंतजार, यह है बड़ी वजह

मुरादाबाद। इस बार शायद आपकी सैलरी लेट आए। जी हां, मई माह की सैलरी के लिए इस बार आपको इंतजार करना पड़ सकता है। इसका कारण बैंक कर्मचारियों की हड़ताल है। 30 व 31 मई को सभी सार्वजनिक बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। दरअसल, वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर 10 लाख से भी ज्यादा बैंक कर्मचारी बुधवार से हड़ताल पर चले गए। यह हड़ताल 31 मई यानी गुरुवार को रहेगी। इस वजह से बैंक में कामकाज प्रभावित होगा। स्टेट बैंक कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष संजय रस्तोगी का कहना है कि पिछले काफी समय उनकी मांगें लंबित हैं। इसके लिए वे हड़ताल पर हैं। आगे का कदम नेशनल कमेटी तय करेगी।

सैलरी के लिए करना पड़ेगा इंतजार

वहीं, माह के अाखिर में हड़ताल होने से लोगों को सैलरी मिलने में दिक्कत आ सकती है क्योंकि कई सरकारी विभागों व निजी कंपनियों में तनख्वाह 30 या 31 मई को ही बैंकों में पहुंचती है। अब हड़ताल की वजह से ऐसा नहीं हो पाएगा। इसे देखते हुए रेलवे ने अपने कर्मचारियों को 29 मई को सैलरी देने का निर्देश दे दिया था, ताकि कर्मचारियों का वेतन न अटके।

दो दिन नहीं होगा बैंकों में काम

वहीं, हड़ताल के कारण दो दिन बैंकों में काम नहीं होगा। इसका असर सबसे ज्यादा रोजाना कैश जमा और निकालने वालों पर होगा। इसके अलावा इससे एटीएम में भी कैश की कमी हो सकती है। कई जगह एटीएम से कैश खत्म होने की भी संभावना व्यक्त की जा रही है। हालांकि, बैंक अधिकारी इससे निपटने के इंतजाम करने की बात कर रहे हैं।

क्या है योजना

आपको बता दें कि बैंक कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर काफी समय से आंदोलन कर रहे हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर बुधवार को देश भर के सार्वजनिक बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। मुरादाबाद में बैंक कर्मचारी बुधवार को सुबहइ 11 बजे सिविल लाइन स्थित इलाहबाद बैंक के बाहर जमा होकर धरना-प्रदर्शन करेंंगे। अगले दिन वे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।

Published on: