
मुरादाबाद। नगर निकाय चुनाव में मेयर पद पर आरक्षण की स्थिति साफ होने के साथ ही सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी में टिकट को लेकर जोर आजमाइश तेज हो गयी है। मौजूदा महापौर समेत सभी दावेदार शनिवार को प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल से मिलने गाजियाबाद पहुंचे हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि सभी अपनी अपनी जीत के दावे संगठन मंत्री के सामने रखेंगे। वहीं इस समय भाजपा में खुद निर्वतमान मेयर विनोद अग्रवाल समेत उनकी पुत्रवधु प्रिय अग्रवाल के अलावा करीब आधा दर्जन महिलाएं हैं। जो सभी वैश्य समाज से हैं। अब सबसे कठिन चुनौती भाजपा के लिए अपने नेताओं को संतुष्ट करने की है।
महानगर अध्यक्ष महेंद्र गुप्ता ने बताया कि जो भी दावेदार मेयर पद पर चुनाव लड़ना चाहते हैं। उन सभी को गाजियाबाद बुलाया गया है। इसमें मुरादाबाद समेत, अलीगढ़, मेरठ व सहारनपुर के भी दावेदार शामिल होंगे। यहां बात कि जाए तो पहले ये अफवाह उड़ रही थी कि मुरादाबाद महापौर पद महिला के लिए होगा तो ताबड़तोड़ कई नेताओं की पत्नियों ने शहर में जगह जगह अपने पोस्टर लगवा दिए। सब अपना अपना दावा भी भर रहे थे लेकिन सीट अनारक्षित होने के बाद सबके समीकरण बदल गए हैं। सबसे ज्यादा मजबूत निवर्तमान मेयर विनोद अग्रवाल का है। क्योंकि उनसे पहले उनकी पत्नी दो बार मेयर रह चुकी हैं लेकिन पार्टी का एक धढ़ा इस बार इस सीट पर बदलाव चाहता है। क्योंकि शहर के विधायक रितेश गुप्ता और विनोद अग्रवाल दोनों ही वैश्य समाज से संबंधित हैं। इसलिए किसी अन्य बिरादरी के उम्मीदवार को भी एक गुट तलाश रहा है।
फिलहाल अब भाजपा संगठन किस नाम पर मुहर लगाता है, ये देखना दिलचस्प होगा क्योंकि पार्टी के अंदर बेचैनी बढ़ गयी है। उसका कारण यह है कि ठीक इसके बाद सीधे लोकसभा चुनाव होना है और अगर गुटबाजी बढ़ी तो भाजपा को नुकसान उठाना पड़ सकता है। वैसे भी विपक्षी इस बार भाजपा को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। खास बात ये है कि इस बार मायावती की बसपा अपने सिम्बल हाथी पर नगर निकाय चुनाव लड़ेगी, जिससे कहीं न कहीं नुकसान भाजपा को तय माना जा रहा है।