
मुरादाबाद: लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर सभी पार्टियों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसमें प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस भी पीछे नहीं है। इसी कड़ी में आज कांग्रेस नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी महानगर पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ कमेटी गठन को लेकर चर्चा करने के साथ ही मतदाता सूची में ज्यादा से ज्यादा गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए। वहीँ उन्होंने अयोध्या में राममंदिर की चर्चा तेज होने पर कहा कि पिछले साढ़े चार साल से इसका जिक्र नहीं हुआ,अब जब लोकसभा चुनाव आ रहा है तो इसे जानबूझकर उठाया जा रहा है। उन्होंने पांच राज्यों में होने जा रहे विधान सभा चुनावों में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिलने की बात कही।
ये बोले कानून व्यवस्था पर
कांग्रेस नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने पत्रकारों के सवाल पर कहा कि देश में नोटबंदी और जीएसटी के बाद हालात बेहद खराब हैं। जबकि सूबे की कानून व्यवस्था बेहद खराब है। उन्होंने राजधानी में हुई घटनाओं का उदहारण दिया। इसके साथ ही जिलों के नाम बदलने पर कहा कि इस मुद्दे पर भाजपा कैबिनेट के मंत्री ही आपत्ति जता रहे हैं तो वे क्या कहें। वहीँ गठबंधन पर बोले कि अभी ये फैसला केन्द्रीय नेतृत्व लेगा,कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस को अगले लोकसभा चुनाव में मजबूत दावेदार बताते हुए कहा कि सूबे में पिछले दिनों में कांग्रेस पार्टी काफी मजबूत हुई है। इसके परिणाम भी जल्द देखने को मिलेंगे।
लगातार हो रहा कार्यक्रम
यहां बता दें कि कांग्रेस नेतृत्व अभी से अपने कार्यकर्ताओं को चार्ज कर रहा है। जिसमें पिछले दिनों राष्ट्रिय महासचिव गुलाम नबी आज़ाद और प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने खुद कार्यकर्ताओं का मन टटोला था।