कांग्रेस पार्टी ने सूबे की सभी विधान सभाओं में दलितों तक पहुंच बढ़ाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है।
मुरादाबाद: लोकसभा चुनावों से पहले सभी दलों ने अपनी-अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इसमें सबसे ज्यादा लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश पर सभी की निगाहें टिक गयीं हैं। खासकर यहां दलित मतों को लेकर। इसी तर्ज पर कांग्रेस पार्टी ने सूबे की सभी विधान सभाओं में दलितों तक पहुंच बढ़ाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। जिसमें रात्रि प्रवास और उनके साथ भोजन शामिल है। अब इसी कार्यक्रम में शामिल संविधान बचाओ देश बचाओ के तहत मंडल स्तर पर पार्टी सोमवार को कार्यक्रम करने जा रही है। जिससे सत्तारूढ़ भाजपा के साथ ही बसपा की भी नजरें इस कार्यक्रम पर टिक गयीं हैं।
22 को होगा कार्यक्रम
कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ ए पी सिंह ने बताया कि 22 अक्टूबर को संविधान बचाओ देश बचाओ कार्यक्रम के तहत पंचायत भवन में एससी-एसटी सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। जिसमें मंडल भर के कार्यकर्ता शामिल होंगे। जिन्हें कांग्रेस सरकार की इस समाज के लिए किये गए कार्यों से अवगत कराया जायेगा। साथ ही वर्तमान राजनीतिक माहौल में कैसे सिर्फ कांग्रेस ही उनका भला कर सकती है ये भी बताया जाएगा।
बैठक में ये नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मंडल के सभी अनुसूचित मोर्चे के जिला अध्यक्षों की बैठक आयोजित की गयी। जिसकी अध्यक्षता सरदार बलवीर सिंह ने की। इसमें अम्रोया से जयपाल सिंह,संभल शिव किशोर गौतम,मुरादाबाद से शिशुपाल जाटव, रामपुर से रमेश प्रभाकर और बिजनौर से रामकुमार सिंह मौजूद रहे।
लगातार चल रहे हैं कार्यक्रम
यहां बता दें कि कांग्रेस ने सूबे में अपने कार्यकर्ताओं को चार्ज करने के लिए कई तरह के कार्यक्रम शुरू किये हैं। जिसमें पिछले दिनों पार्टी महासचिव की मौजूदगी में संगठन के कार्यकर्ताओं से बातचीत में खुलासा हुआ था कि जमीनी स्तर पर संगठन बेहद कमजोर है। इसलिए बूथ स्तर कार्यकर्ताओं के साथ ही फिर से पार्टी के परमपरागत वोट जोड़ने के लिए अब ये शुरू हुआ है। क्यूंकि पार्टी मुस्लिम और दलित वोट साधकर ही भाजपा के खिलाफ चुनौती बन सकती है।