बेकाबू कार ने बाइक सवार दम्पत्ति को टक्कर मार दी। जिसमें दंपत्ति और उनके दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गयी।
संभल: जनपद के बनियाठेर थाना क्षेत्र में आगरा मुरादाबाद हाइवे पर आज दोपहर उस समय हडकंप मच गया। जब बेकाबू कार ने बाइक सवार दम्पत्ति को टक्कर मार दी। जिसमें दंपत्ति और उनके दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीँ दंपत्ति और बच्चों की मौत की खबर से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। दुर्घटना में कार चालक भी घायल हुआ है। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक अभी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है,परिजन जो भी तहरीर या शिकायत करेंगे उसके हिसाब से कार्यवाही करेंगे।
हादसे में इनकी हुई मौत
जानकारी के मुताबिक हादसा जनपद के थाना बनियाठेर के गांव आकरौली के पास हुआ। बताते हैं कि कार में सवार लोग रूड़की में रहते हैं और वह अपने घर चंदौसी जा रहे थे। रास्ते में बाइक में कार ने पीछे से टक्कर मार दी। घटना में बाइक पर सवार सुनील और उसकी पत्नी ओमवती, बेटे सचिन व बेटी गुंजन निवासी अशोकनगर थाना बनियाठेर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बड़ा बेटा आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
घटना से मची अफरातफरी
एकाएक वाहनों के भिड़ने की आवाज सुनते ही आस पास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। घायल आशीष व कार चालक गोपीचंद पुत्र विद्याराम निवासी मोहल्ला शमशेर खान इटावा को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिवार में मचा कोहराम
सूचना मिलते ही खुद सीओ फ़ोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सबसे पहले शिनाख्त के बाद मृतकों के परिजनों को सूचना दी। सुनते ही परिवार के लोग रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। दो मासूमों व दंपती की लाश देखते ही बदहवास हो गए। सीओ ने परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके बाद सभी की शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि, पुलिस ने परिजनों को तहरीर के आधार पर मुकदमा कायम करने का भरोसा दिलाया है।