60 से अधिक परिवार एकदम से बाढ़ ग्रस्त नजर आ रहे हैं। इस मोहल्ले की गलियों और सड़कों में चार फीट से अधिक पानी भर गया है।
मुरादाबाद: पिछले कई दिनों से हो रही बारिश ने स्मार्ट सिटी बने महानगर में नगर निगम की पोल खोल दी है। शहर का शायद ही कोई इलाका ऐसा हो जहां जलभराव और नालियां और सड़कें न टूटी हों। लेकिन सबसे भयावह तस्वीर शहर के कठघर थाना क्षेत्र शिव महामाया कालोनी की है। यहां रह रहे 60 से अधिक परिवार एकदम से बाढ़ ग्रस्त नजर आ रहे हैं। इस मोहल्ले की गलियों और सड़कों में चार फीट से अधिक पानी भर गया है। जिससे कालोनी वासी घरों में कैद हो गये हैं। वहीँ जब इसकी सूचना प्रशासन को दी गयी तो लोगों को आने जाने के लिए नाव की व्यवस्था की गयी है। जबकि नगर निगम ने कालोनी को अवैध बताकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड लिया है। जिससे स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है।
टापू में बदली कालोनी
थाना क्षेत्र के कटघर थाना क्षेत्र स्थित हड्डी मिल के पास बनी इस कालोनी की यह तस्वीरें देखिए। जलभराव के चलते समुद्री टापू में तब्दील हो चुकी इस कालोनी में अब लोगों को नावों की जरूरत है। कालोनी में जाने वाली सड़कें और मुख्य रास्ते पानी में डूब चुकें है और लोगों को जरूरी काम के लिए बाहर निकलना हो तो जान हथेली पर रखकर जाना पड़ता है। लगातार हो रही बारिश के चलते हुए जलभराव के बाद कालोनी में जमा पानी में सांप और अन्य जहरीले जीव तैर रहे है। पिछले दो दिन से जलभराव के चलते जहां बच्चें स्कूल नहीं जा पा रहें है। वही महिलाओं और बुजुर्गों घरों में कैद है। लोगों के घरों में पानी घुसने के कारण घरों में खाना तक नहीं बन पा रहा है। वही लोगों का आरोप है कि कई बार उन्होंने जलभराव को लेकर प्रशासन और नगर- निगम से भी शिकायत की लेकिन मूकदर्शक बनें अधिकारियों ने कभी भी उनकी शिकायत पर गम्भीरता नहीं दिखाई।
हर तरफ पानी ही पानी
कालोनी में मौजूद एक दर्जन से ज्यादा घरों में पिछले 36 से अधिक घण्टों से पानी भरने के चलते लोग बारिश में छत पर रहने को मजबूर है। जलभराव के चलते पूरी तरह पानी में डूब चुकी कालोनी में दूर-दूर तक सिर्फ और सिर्फ पानी में डूबे घर नजर आ रहें है।
डीएम ने दिया मदद का आश्वासन
डीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद के लिए व्यवस्था की गयी है। नगर निगम को यहां व्यवस्था के लिए प्रबंध करना चाहिए।
इन्हें सबसे ज्यादा हो रही दिक्कत
यहां बता दें कि अभी भी लोग नाव से आ जा रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूल जाने वाले बच्चों और काम पर जाने वाले लोगों को है। अब सभी किसी तरह नाव से आ जा रहे हैं। ये तस्वीर वाकई हैरान करने वाली है। क्यूंकि शहर के बीच में बनी इस कालोनी का हाल तब है जब शहर को स्मार्ट सिटी के लिए चयन किया गया है।