
मुरादाबाद: धीमे ही सही यूपी पुलिस का चेहरा बदलने की कोशिश अब जमीं पर आती दिख रही है। कुछ यही नजारा गुरूवार को जनपद के मैनाठेर थाने में देखने को मिला। जब थर्ड डिग्री के लिए बदनाम पुलिस ने घर से भागे प्रेमी जोड़े की न सिर्फ थाना परिसर में ही शादी करवाई,बल्कि परिवार वालों को भी राजी कर मेजबानी कर वर वधु को आशीर्वाद भी दिया। दोनों परिवार और स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस कार्य की सराहना की।
जानकारी के मुताबिक सम्भल निवासी युवक का पड़ोस के एक गांव निवासी युवती से एक वर्ष पुर्व प्रेम संबंध हो गया था। जानकारी होने पर युवक के परिवारवाले शादी के लिए राजी थे। लेकिन युवती के परिजन ने विरोध जताया। इससे आजिज प्रेमी युगल घर से भाग गए जिनको ग्रामिणो की मदद से पकड़कर पुलिस को सोंप दिया। जहां दोनों ने पुलिस से बालिग होने की बात कहकर शादी कराने की गुहार लगाई। पुलिस ने दोनों के परिजनों को थाने बुलाकर बातचीत की। पंचायत के बाद दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए। इस पर पुलिस ने थाने के मंदिर में दोनों की शादी करवा दी।
सम्भल के सिरसी क़स्बा निवासी जीत पुत्र सतवीर का पड़ोस के गांव महमूदपुर माफ़ी की करिश्मा से फ़ोन पर दोस्ती हो गई और इसके बाद प्रेम संबंध हो गया। जानकारी होने पर परिवारवालों ने उनके मिलने जुलने पर पाबंदी लगा दी। विरोध के बीच दोनों गुरुवार को घर से भाग गए जिन्हें ग्रामिणो ने पकड़कर मैनाठेर पुलिस को सोंप दिया। जहां शादी कराने के लिए पुलिस से मिन्नतें की। पुलिस ने दोनों के परिजनों को बुलाया तो घंटों चली पंचायत के बाद दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए। थाने के मंदिर में पंडित और भगवान को साक्षी मानकर दोनों ने शादी रचाई। इसके बाद परिजनों का आशीर्वाद लेकर अपने घर चले गए। इस दौरान मैनाठेर थाना परिसर में उपस्थित थाना प्रभारी सहदेव सिंह हल्का इंचार्ज कपिल सिंह, मंगल सेन सैनी ज़िला पंचायत सदस्य, हाजी सलीम, हाजी अतीक, सगीर अंसारी सहित आदि ग्रामीण उपस्थित रहे।