Highlights - मुरादाबाद में सिपाही ने सरकारी बंदूक से गोली मारकर किया सुसाइड - सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप - अधिकारियों ने सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया
मुरादाबाद. उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सिपाही ने मुरादाबाद में सरकारी बंदूक से खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया है। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात करीब दो दो बजे सिपाही मनीत प्रताप सिंह ने अपने कमरे में खुद को कार्बाइन से गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फिलहाल आत्महत्या की वजह पारिवारिक विवाद माना जा रहा है।
दरअसल, 23 वर्षीय सिपाही मनीत प्रताप सिंह बुलंदशहर कोतवाली देहात के गांव रसूलपुर पिटारी का रहने वाला था। वह 2018 बैच का सिपाही था। फिलहाल उसकी तैनाती मुरादाबाद पुलिस लाइन में थी। वहीं, वह मुरादाबाद देहात विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी विधायक हाजी इकराम कुरैशी के गनर के रूप में ड्यूटी कर रहा था। बताया जाता है कि मनीत कटघर के आदर्श नगर कालोनी में ही किराए पर कमरा लेकर रह रहा था। बुधवार देर रात करीब दो बजे मनीत ने अपने कमरे में कार्बाइन से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुन आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूूचना दी। माना जा रहा है कि पारिवारिक तनाव के कारण सिपाही ने यह कदम उठाया है।
पुलिस के अनुसार, मनीत फिलहाल किसी के साथ रिलेशनशिप में था और दोनों के परिवार इसका विरोध करते थे। इसी कारण मनीत लंबे समय से तनाव में था। ऐसा माना जा रहा है कि इसी तनाव के कारण मनीत ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। एसपी सिटी अमित कुमार आनंद का कहना है कि कटघर थाना क्षेत्र में सिपाही की मौत हो गई है। प्रथमदृष्या मामला आत्महत्या का है। फिलहाल सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।