
मुरादाबाद: शहर की सिविल लाइन पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिसमें उसने अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में बने-अधबने हथियार और उपकरण भी बरामद किये हैं। पुलिस के मुताबिक ये गिरोह काफी लम्बे समय से इस काम में संलिप्त था और अवैध हथियार आसपास के साथ पडोसी जनपदों में भी सप्लाई करते थे। अभी इस गिरोह के चार बदमाश फरार चल रहे हैं।
यहां चल रही थी फैक्ट्री
एसपी सिटी अंकित मित्तल ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी। जिस पर सिविल लाइन पुलिस ने टीम बनाकर कांठ रोड पर हरथला में हड्डी मिल के पीछे छापा मारा। यहां पुलिस को मौके से कांठ थाना निवासी अशरफ और इशरत मिले। ये लोग यहां अवैध रूप से हथियार बना रहे थे। इनके अन्य साथी अहमद अली,इक़बाल,नजाकत और शराफत अभी फरार हैं।
ये असलाह हुए बरामद
पुलिस ने मौके से देशी बन्दूक,दो नाल 12 बोर,2 नाल 315 बोर,एक देशी तमंचा 12 बोर, 2 तमंचे 315 बोर,20 नाल 12 बोर की 13 315 बोर की 12 बट, ड्रिल मशीन व अन्य उपकरण बरामद किये हैं।
काफी लम्बे समय से चल रही थी फैक्ट्री
पुलिस को ये भी सूचना मिली है कि ये लोग पिछले काफी समय से इस धंधे में शामिल थे और अवैध हथियारों को बनाकर बेचते थे। पुलिस इनके बाकी साथियों को जल्द गिरफतार करने का दावा कर रही है। यही नहीं पुलिस के मुताबिक इनके पकडे जाने से कई बड़ी घटनाएं भी होने से बच गयीं।
ये अभियान चलाया जा रहा है
यहां बता दें कि इस समय समूचे उत्तर प्रदेश में यूपी पुलिस द्वारा बदमाशों की धडपकड़ को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें पुलिस रोजाना ईनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर है। मंगलवार को पांच हजार के 34 साल से फरार ईनामी बदमाश को गिरफ्तार किया था। उससे पहले भी दस हजार के एक इनामी को गिरफ्तार किया था। पुलिस अधिकारीयों के मुताबिक अभी ये अभियान लगातार जारी रहेगा।