UP Rain Alert: मुरादाबाद, संभल, अमरोहा और रामपुर समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से अचानक मौसम बदल गया है। गरज-चमक के साथ हुई बारिश से तापमान गिरा और ठंड बढ़ गई है।
UP Rain Alert News: उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह तक खिली धूप के बीच लोगों को हल्की राहत महसूस हो रही थी, लेकिन करीब 11:30 बजे आसमान में घने बादल छा गए और दोपहर 12:30 बजे के आसपास तेज गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी, जिससे सर्दी का असर और बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हुआ है, जिसके चलते अगले 48 घंटों तक हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
अचानक शुरू हुई बारिश के कारण लोग जहां थे वहीं दुकानों, बस स्टॉप और शेड के नीचे शरण लेते नजर आए। कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा होने से वाहनों की गति धीमी पड़ गई और यातायात प्रभावित हुआ। दुपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने पहले ही 27 और 28 जनवरी को बारिश की चेतावनी जारी की थी, जो अब सटीक साबित होती दिख रही है।
बारिश के बाद तापमान में स्पष्ट गिरावट दर्ज की गई है। मुरादाबाद में अधिकतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। ठंडी हवाओं के साथ नमी बढ़ने से लोगों को ठिठुरन महसूस होने लगी है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले घंटों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना है।
जिला कृषि अधिकारी राजेंद्र पाल सिंह के अनुसार, मौसम में अचानक आए बदलाव से सब्जी की फसलों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। हल्की और मध्यम बारिश के साथ तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी फूलती फसलें झुक रही हैं, जिससे ताजा सब्जियों की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। दूसरी ओर, गेहूं की फसल के लिए यह मौसम अपेक्षाकृत लाभकारी माना जा रहा है। ठंड और हल्की बारिश से गेहूं की वृद्धि पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है, क्योंकि सर्द मौसम इस फसल के विकास के लिए अनुकूल होता है।
अमरोहा जिले में शनिवार की बारिश के बाद रविवार और सोमवार को मौसम साफ रहा था और दिनभर तेज धूप निकलने से सर्दी कुछ कम हुई थी। लेकिन मंगलवार को एक बार फिर मौसम ने करवट बदली। सुबह सूरज निकलने के बाद करीब 10 बजे से बादल छाने लगे और दोपहर 12 बजे के आसपास फुहारें शुरू हो गईं। जोया क्षेत्र में मामूली ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे तापमान में और गिरावट आई। यहां अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।
बहजोई और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे ठंडक बढ़ गई। आसमान में घने बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर के समय तेज बारिश की संभावना भी जताई गई है। कच्चे रास्तों पर कीचड़ बनने से ग्रामीण इलाकों में आवागमन मुश्किल हो गया है, वहीं मुख्य मार्गों पर वाहनों की गति धीमी पड़ गई।
संभल में सुबह हल्की धूप के बाद बादल छा गए और दोपहर के समय हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है। यहां वर्तमान तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम 11 और अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं रामपुर में सुबह से ही घने बादलों के बाद बारिश शुरू हो गई, जो शाम 7 बजे तक रुक-रुक कर जारी रही। यहां न्यूनतम तापमान 8 और अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे ठंड का असर साफ महसूस किया जा रहा है।
मौसम विभाग ने नागरिकों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और खेतों में काम करते समय सावधानी बरतने को कहा गया है। आने वाले 48 घंटों में बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे तापमान में और गिरावट संभव है।