Fire will rain from the sky in UP
UP Weather News: लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान कई जिलों का 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है। अधिकतम तापमान अपने सामान्य डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है। जबकि न्यूनतम तापमान भी अपने सामान्य डिग्री सेल्सियस से दो से तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर चला गया है। जिस वजह से आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के लोगों को न तो दिन में चैन मिलेगा और न ही रात में राहत रहेगी। दिन और रात का तापमान दोनों ही लोगों को भीषण गर्मी से परेशान करेगा।
लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि इन दिनों लोग दोपहर 12:00 बजे के बाद से लेकर शाम 4:00 तक बहुत जरूरी हो, तभी घरों से अपने बाहर निकलें। अगर घर से बाहर निकल भी रहे हैं, तो पानी की बोतल जरूर लेकर निकलें और समय-समय पर पानी पीते रहें। घर से बाहर निकलते वक्त दो पहिया, साइकिल और पैदल वाले अपने सिर और शरीर को पूरी तरह से ढककर निकलें। इस दौरान बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है।
लखनऊ मौसम केंद्र की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक लखनऊ का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं बाराबंकी, हरदोई, कानपुर शहर, कानपुर देहात, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर और वाराणसी समेत बलिया चुर्क, बहराइच और प्रयागराज में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से लेकर 24 डिग्री सेल्सियस के बीच ही रहेगा। जबकि इन जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से लेकर 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है। फतेहपुर, बांदा, सुल्तानपुर, फैजाबाद, फुरसतगंज, गाजीपुर, फतेहगढ़, बस्ती, झांसी, उरई और हमीरपुर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से लेकर 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है, वहीं अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से लेकर 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
बरेली, शाहजहांपुर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, अलीगढ़ और बुलंदशहर समेत इटावा में न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
आजमगढ़, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, सहारनपुर, बाराबंकी, कन्नौज और हरदोई जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।