मुरादाबाद

गर्मी से मिली राहत: मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, संभल और बिजनौर में बारिश से मौसम हुआ सुहाना

Moradabad Rain: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, संभल और बिजनौर समेत कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। तेज हवाओं और आंधी के साथ कई जगहों पर बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
2 min read
up west weather rain thunderstorm alert moradabad
गर्मी से मिली राहत..

UP Weather: उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में मंगलवार सुबह से मौसम ने अचानक करवट ले ली। मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, संभल और बिजनौर जैसे जिलों में आसमान में घने काले बादल छा गए और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई। इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली।

मुरादाबाद और रामपुर में बारिश के साथ तेज हवाएं

मुरादाबाद में सुबह से ही मौसम का रुख बदल गया और बारिश शुरू हो गई। रामपुर में भी तेज हवाओं के साथ बादलों की आवाजाही बढ़ी और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बनी रह सकती है।

अमरोहा में आंधी के साथ झमाझम बारिश

अमरोहा में सुबह तेज धूप और 40 डिग्री से अधिक तापमान के बाद अचानक मौसम पलट गया। करीब 9:20 बजे के आसपास तेज आंधी चली और उसके बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। इससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली, हालांकि आंधी के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।

संभल और बिजनौर में भी बदला मौसम का रुख

संभल और बिजनौर में भी मौसम पूरी तरह बदल गया है। दोनों जिलों में सुबह से ही बादलों की घनी परत छाई रही और कई क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। तेज हवाओं के चलते कई जगहों पर पेड़-पौधों और बिजली व्यवस्था पर असर देखने को मिला।

मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग ने मुरादाबाद मंडल सहित पूरे पश्चिमी यूपी के लिए अलर्ट जारी किया है। अगले तीन घंटों और आने वाले दिनों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, बिजली कड़कने और मध्यम बारिश या ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

मौसम में उतार-चढ़ाव का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अभी पूरी तरह स्थिरता आने की संभावना नहीं है। अगले 2 से 3 दिनों तक कहीं-कहीं हल्की बारिश, बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट बनी रहेगी और लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत मिलती रहेगी, लेकिन अचानक मौसम बदलने की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।