म प्र, राजस्थान, उप्र के पांच सैकड़ा लोग हुए ठगी का शिकार, प्रत्येक व्यक्ति से लिए 35 हजार रुपए, जिसकी उनके पास रसीद भी है, स्टेशन रोड थाने पहुंचे पीडि़त लोग
मुरैना. जिले में पिछले कुछ समय से ऐसा गिरोह सक्रिय है, जो बेटियों की शादी में सामान देने के नाम पर लोगों से ठगी कर रहा है। गिरोह के लोगों ने म प्र के मुरैना जिले के अलावा, राजस्थान, उप्र के लोगों से भी ठगी की है। उक्त मामले की शिकायत लेकर दो दर्जन लोग शनिवार को स्टेशन रोड थाने पहुंचे और वहां लिखित में शिकायत की है। शिकायत करने वालों में मुरैना के अलावा, राजस्थान, उप्र के लोग भी शामिल हैं।
शिकायत में बताया है कि गिरोह का सरगना सोनू कुशवाह उर्फ शशिकांत महाराज ने पहले छौंदा और फिर बड़ोखर में कार्यालय खोला। वहां उनके साथियों ने अफवाह फैला दी कि लड़कियों की शादी के लिए महाराज सामान दे रहे हैं। इसके लिए पहले 25 हजार रुपए लिए, जिसकी रसीद भी दी है। जो रसीद दी गई है, उस पर श्री श्री 1008 शिवनारायण शर्मा गोविंद गिरी आश्रम भारती नगर और बसैया वाली राज राजेश्वरी सेवा संगठन मुरैन मप्र की सील लगी है, इस नाम के न कोई संगठन हैं और कहीं कोई आश्रम हैं। उसके बाद सामान भाड़े के नाम पर 10 हजार रुपए प्रत्येक व्यक्ति से लिए। लेकिन कुछ लोगों की लडक़ी की शादी नजदीक आ गई और सामान नहीं आया तो वह थाने शिकायत लेकर पहुंचे।
गोपिया पुरा गांव में दो चार लोगों के यहां 35 हजार रुपए लेकर सामान पहुंचा दिया था, इसलिए लोग झांसे में आ गए। मोटरसाइकिल व एसी के अलावा पूरा सामान जो शादी में दिया जाता है, वह शामिल है, इसलिए ऐसे परिवार जो मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का पालन कर रहे हैं, उनको लगा कि 35 हजार में सामान मिल रहा है तो बिटिया की शादी में बड़ी मदद हो जाएगी, इसलिए उन्होंने भी पैसे दे दिए। वहीं पीडि़तों में 80 प्रतिशत लोग आरोपियों के दूर के रिश्तेदार हैं अर्थात कुशवाह समाज के हैं।
धौलपुर राजस्थान निवासी कैलाश कुशवाह व केशव कुशवाह ने भी स्टेशन रोड थाने में आवेदन दिया है। कैलाश ने शिकायत में कहा है कि मुझे पता चला कि मुरैना में कोई महाराज आए हैं, वह लड़कियों की शादी के लिए सामान दे रहे हैं, इसलिए मैंने दोनों लड़कियां सोनम, रूबी की शादी के लिए फॉर्म भरा। एक लडक़ी की शादी के लिए 70000 रुपए लिए, जिसमें 50 हजार की रसीद दी और 20 हजार भाड़े के नाम पर लिए लेकिन जब सामान नहीं मिला तो थाने में शिकायत की है। वहीं केशव कुशवाह ने ने भी अपनी लडक़ी की शादी के लिए सामान को 35 हजार रुपए दिए लेकिन सामान नहीं मिला तो शिकायत की है।
5 मई को बिटिया की शादी थी, हमको पता चला कि कोई महाराजजी आए हैं, वह बिटिया की शादी के लिए सामान दे रहे हैं, इसलिए बड़ोखर स्थिति कार्यालय पर संपर्क किया तो वहां पहले 25 हजार की रसीद दी और दस हजार बाद में सामान के भाड़े के नाम ले लिए लेकिन जब शादी नजदीक आ गई और सामान नहीं दिया तो थाने शिकायत करने आए हैं।
हमारे रिश्तेदार की बिटिया की शादी में सामान दिलाने के नाम पर सोनू कुशवाह निवासी कैलारस ने 35 हजार की ठगी की है। हमारे रिश्तेदार गरीब व मजदूरी करके परिवार पाल रहे हैं, मुझे लगा कि इतना सामान में वह लडक़ी की शादी में नहीं दे पाएंगे, इसलिए आरोपी के झांसे में आ गए लेकिन जब सामान नहीं मिला तो थाने में शिकायत की है।