
Woman Marries Thakur Ji (Photo Source - Patrika)
MP News: मुरैना के पास खडिय़ाहार गांव में बीते दिन आस्था, संवेदना और सामाजिक सहभागिता का अनोखा संगम दिखा। गांव के मंदिर में एक अनोखा विवाह हुआ। पुराने देवालय स्थित श्री ठाकुर जी महाराज से एक 42 वर्षीय युवती का विवाह संपन्न कराया गया। मंदिर में विराजित ठाकुर जी (भगवान श्रीकृष्ण) से गांव की मानसिक रूप से अस्वस्थ रेखा तोमर का लगाव कुछ ऐसा बढ़ा कि वह सांसारिक जीवन से कट कर उनकी भक्ति में रम गई। परिवार और ग्रामीणों ने उसकी इसी आस्था को सम्मान देते हुए भगवान को ही उसका वर मान लिया। फिर गांव ने तय किया कि रेखा का विवाह पूरे रीति-रिवाज से ठाकुर जी से कराया जाएगा।
रविवार सुबह से गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। हल्दी, मेहंदी, मटकोर, बान, तेल और मंडप जैसी सभी पारंपरिक रस्में पूरी श्रद्धा के साथ निभाई गईं। रेखा को दुल्हन की तरह सजाया गया। मंगलसूत्र, बेंदा, साड़ी, श्रृंगार सामग्री सहित विवाह का पूरा सामान ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से जुटाया। ठाकुर जी के लिए भी विशेष पोशाक, मुकुट, आभूषण और पूजन सामग्री तैयार कराई गई। रेखा की बुआ परंपरा के अनुसार 'पला' लेकर पहुंचीं, जबकि परिवार और रिश्तेदारों ने विवाह में शामिल होकर बेटी का पूरा मान-सम्मान निभाया।
आज सुबह रेखा की प्रतीकात्मक विदाई हुई। गांव में इस अनोखे विवाह के उपलक्ष्य में करीब ढाई हजार लोगों के सामूहिक भोज का आयोजन भी किया गया है। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि यह विवाह केवल एक रस्म नहीं, बल्कि उस बेटी के सम्मान, सामाजिक स्वीकार्यता का प्रतीक है, जिसे समाज अक्सर दया की नजर से देखता है। ग्रामीणों ने रेखा को बोझ नहीं, बल्कि आस्था और सम्मान का रूप मानते हुए उसे दुल्हन का गौरव दिया। यही वजह रही कि पूरे गांव ने बेटी की शादी को अपना पारिवारिक दायित्व मान निभाया।
इस अनोखी शादी में पूरा गांव परिवार बन गया। ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से विवाह सामग्री, श्रृंगार, भोजन और आयोजन की व्यवस्था की। शादी के उपलक्ष्य में करीब 2500 लोगों के सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें पूरा गांव बाराती और घराती दोनों की भूमिका में नजर आया। मंदिर के पुजारी दौलतराम, केशव भारद्वाज, दीपा वैष्णवधर, मालिक मुड़ौतिया, ज्ञान ङ्क्षसह तोमर सहित गांव के अनेक लोगों ने विवाह आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से पूरे आयोजन की जिम्मेदारी उठाई।
विवाह में सबसे भावुक क्षण तब आया जब रेखा के भाई सुरेंद्र तोमर ने बहन का कन्यादान किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर परिसर में विवाह संस्कार संपन्न हुए। शाम को ठाकुर जी की प्रतीकात्मक बारात निकाली जाएगी, जिसमें गांवभर के लोग बाराती बनेंगे।
Updated on:
27 Apr 2026 05:45 pm
Published on:
27 Apr 2026 05:45 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
