30 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीसीटीवी कैमरों से लैस होंगे परीक्षा केन्द्र

7 मई से होगी 25 केन्द्रों पर द्वितीय अवसर की परीक्षा, पहली बार मिला है हाईस्कूल, हायरसेकेंडरी के परीक्षार्थियों को सभी विषयों में दोबारा परीक्षा देने का मौका

2 min read
Google source verification

7 मई से होगी 25 केन्द्रों पर द्वितीय अवसर की परीक्षा, पहली बार मिला है हाईस्कूल, हायरसेकेंडरी के परीक्षार्थियों को सभी विषयों में दोबारा परीक्षा देने का मौका

मुरैना. हाईस्कूल, हायरसेकेंडरी बोर्ड परीक्षा में फेल हुए परीक्षार्थियों को अब पूरक से पहले द्वितीय अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए 7 मई से जिले के 25 केन्द्रों पर परीक्षा होगी। सभी परीक्षा केन्द्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जा रहा है। इसके लिए शिक्षा विभाग तैयारियों में जुटा है लेकिन अभी तक विभाग यह तय नहीं कर सका है कि हाईस्कूल व हायरसेकेंडरी परीक्षा में जिले भर में कितने परीक्षार्थी शामिल होंगे।


पिछली साल तीन विषयों में फेल हुए परीक्षार्थियों को पूरक परीक्षा में बैठने का अवसर दिया था लेकिन इस बार पूरक से पहले द्वितीय अवसर दिया जा रहा है, इसमें सभी विषयों में फेल परीक्षार्थियों को मौका दिया जा रहा है। इसमेंं जो फेल होंगे, उनको पूरक परीक्षा का अवसर दिया जाएगा। परीक्षा को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी सहित उनकी टीम गंभीर नहीं हैं। 26 अप्रैल तक परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र- छात्राएं अपने अपने फॉर्म भर चुके हैं, उसके बाद भी अभी तक शिक्षा विभाग उन छात्रों की संख्या तय नहीं कर सका है कि हाईस्कूल व हायरसेकेंडरी में कितने परीक्षार्थी शामिल होंगे।

18 नए व 7 पुराने ही रहेंगे परीक्षा केन्द्र

शिक्षा विभाग ने द्वितीय अवसर की होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए केंद्रों की सूची तय कर दी है। जिले में कुल 25 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 18 नए केंद्र शामिल हैं, जबकि 7 केंद्र पिछली परीक्षा में बनाए, वहीं रहेंगे।
नवनियुक्त केंद्रों में मुरैना शहर के अलावा जौरा, कैलारस, अंबाह, पोरसा, सबलगढ़, सुमावली, सिहोनिया, पहाडगढ़ और बानमोर जैसे विभिन्न कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालय शामिल हैं। इन केंद्रों की सूची में शासकीय मल्टी परपज हायर सेकेंडरी एक्सीलेंस स्कूल मुरैना, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 मुरैना, शासकीय एमएलबी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 मुरैना, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सुमावली और शासकीय बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल जौरा आदि शामिल हैं।

एक्सीलेंस स्कूल से बांटी जाएगी परीक्षा सामग्री

हाईस्कूल, हायरसेकेंडरी बोर्ड परीक्षा की सामग्री शहर के प्रमुख संस्था शासकीय एक्सीलेंस उमावि क्रमांक एक मुरैना से 5 मई को परीक्षा सामग्री वितरित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह नौ से 12 बजे तक रहेगा। पहले दिन सात मई को हायरसेकेंडी में बायो टैक्नोलॉजी, गायन वादन, तबला पखावज एवं हाईस्कूल में हिंदी विषय की परीक्षा होगी।

हाईस्कूल, हायरसेकेंडरी की द्वितीय अवसर की परीक्षा 7 मई से शुरू होगी। परीक्षाओं की तैयारियां कर ली हैं। 5 मई को परीक्षा सामग्री वितरित की जाएगी। सभी 25 केन्द्रों को सीसीटीवी कैमरों सुसज्जित किया जाएगा।

बी एस इंदौलिया, जिला शिक्षा अधिकारी