मुरैना

जिले में रफ्तार नहीं पकड़ रहा गेंहू उपार्जन कार्य

ऑनलाइन नहीं हो रहे स्लॉट बुक, किसान बोले: रोजाना ऑनलाइन सेंटर के लगा रहे चक्कर, सांटा गांव के भी एक दर्जन से अधिक किसान परेशान

2 min read
Apr 30, 2026
ऑनलाइन नहीं हो रहे स्लॉट बुक, किसान बोले: रोजाना ऑनलाइन सेंटर के लगा रहे चक्कर, सांटा गांव के भी एक दर्जन से अधिक किसान परेशान

मुरैना. जिले में 34 केन्द्रों पर 11153 किसानों ने गेंहू खरीदी के लिए पंजीयन कराया है लेकिन खरीद अभी तक रफ्तार नहीं पकड़ सकी है।14 दिन में मात्र 1242 किसानों का 55068 क्विंटल गेंहू की खरीदा जा सका है। किसानों के स्लॉट बुक नहीं हो रहे जिससे किसान परेशान हैं।


रबी विपणन वर्ष 2026-27 में जिले में समर्थन मूल्य पर एफएक्यू गुणवत्ता के गेहूं का उपार्जन 15 अप्रैल से प्रारम्भ हो चुका है। 28 अप्रैल तक जिले के पंजीकृत 11153 किसानों में से मात्र 1242 किसानों से 55068 क्विंटल गेहूं का उपार्जन ही हो सका है। समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन हेतु वर्तमान में किसानों के स्लॉट बुक नहीं हो पा रहे हैं। जिसके चलते किसान ऑनलाइन सेंटर के चक्कर लगा रहे हैं। सांटा गांव के एक दर्जन से अधिक किसानों के अभी तक स्लॉट बुक नहीं हो सके हैं, वह आए दिन ऑनलाइन सेंटर पर पहुंच रहे हैं लेकिन अभी तक स्लॉट बुक नहीं हो पा रहे हैं। इनकी खरीद चैना सोसाइटी पर होनी हैं।

जिले के ये खरीद केन्द्र जहां होनी हैं खरीद

जिले के विपणन सहकारी संस्था अंबाह, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति सिकरोड़ी, लल्लू बसई, कसमढ़ा, रिठौना, सैंथरा अहीर, सांगोली, पोरसा, उसैदपुरा, भोनपुरा, जींगनी, बड़ागांव, पिड़ावली, लीड संस्था मुरैना, मृगपुरा, बिचौला, पड़ावली, रिठौरा कला, पिपरसेवा, जैतपुर, चैना, भैंसरोली, निटेहरा, परसौटा, खनेता, गलेथा, लीड संस्था जौरा, कृषि साख सहकारी संस्था सुमावली, मामचौन, जाबरोल, रजौधा केन्द्र पर गेंहू खरीदी होनी हैं।

23 मई तक हो सकेंगे गेहूं उपार्जन हेतु स्लॉट बुकिंग

जिले में समर्थन मूल्य पर मानक गुणवत्ता गेहूं उपार्जन के लिए स्लॉट बुकिंग की सुविधा अब 9 मई से बढ़ाकर 23 मई तक कर दी गई है। इस संबंध में बुधवार, 29 अप्रैल को मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन, भोपाल द्वारा आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी गई कि स्लॉट बुकिंग से संबंधित तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु एनआईसी की टीम द्वारा पोर्टल पर निरंतर कार्य किया जा रहा है, जिससे शीघ्र ही समस्या का पूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

ये बोले किसान

15 अप्रैल को खरीद शुरू हुई थी, तभी से सांटा गांव के कई किसान रोजान ऑनलइन सेंटर पर जा रहे हैं, लेकिन स्लॉट बुक नहीं हो रहे।

डॉ योगेन्द्र शर्मा, किसान, सांटा

गेंहू की खरीद के लिए पंजीयन तो करा लिया लेकिन जब से खरीद शुरू हुई है तब से स्लॉट बुक कराने के लिए प्रयासरत हैं लेकिन नहीं हो रहा।

मेवराम शर्मा, किसान, सांटा

गेंहू खरीदी ने पहले से रफ्तार पकड़ी हैं। 28 अप्रैल तक 1242 किसानों का 55068 क्विंटल गेंहू उपार्जन हो चुका है। किसानों की परेशानी को देखते हुए शासन ने स्लॉट बुकिंग की तारीख 9 मई से बढ़ाकर 23 मई कर दी है।

उमेश शर्मा, प्रभारी आपूर्ति नियंत्रक, आपूर्ति विभाग

Published on:
30 Apr 2026 02:52 pm
Also Read
View All