
मुरैना. पंचायतों में सरकारी योजनाओं की राशि में गड़बड़ी और निर्माण कार्यों में अनियमितताओं के मामले सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले की अलग-अलग जनपद पंचायतों में पदस्थ 16 पंचायत सचिवों, ग्राम रोजगार सहायकों और संविदा उपयंत्रियों पर कार्रवाई की गई है। निर्माण कार्यों के नाम पर राशि निकालकर मौके पर काम नहीं कराने, फर्जी बिल-वाउचर से भुगतान लेने, जॉबकार्डों में डुप्लीकेट फोटो अपलोड करने और मृत व्यक्ति के जॉबकार्ड पर डिमांड डालकर राशि निकालने जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। कार्रवाई में 7 पंचायत सचिवों को निलंबित किया गया है, जबकि 4 ग्राम रोजगार सहायकों की संविदा सेवा समाप्त कर दी गई है। 5 कर्मचारियों को शासकीय कार्य से विरत किया गया है। एक संविदा उपयंत्री का एक माह का मानदेय भी राजसात किया गया है।
प्रशासनिक कार्रवाई में कैलारस, सबलगढ़, पोरसा, अंबाह और पहाडग़ढ़ जनपद पंचायतों की ग्राम पंचायतों के मामले शामिल हैं। बधरेंटा पंचायत के सचिव रामलखन धाकड़ को निर्माण कार्यों में वित्तीय अनियमितता के आरोप में निलंबित किया गया है। इसी पंचायत की ग्राम रोजगार सहायक पिस्ता रावत पर नाबालिगों के नाम से जॉबकार्ड बनाकर राशि आहरित करने के आरोप में कार्रवाई की गई है। राजा का तोर पंचायत के सचिव धीरज सिंह कंसाना को जनविश्वास अभियान शिविर में बिना अनुमति अनुपस्थित रहने और ग्रामीणों की शिकायतों के आधार पर निलंबित किया गया है।
पोरसा जनपद की उसैथ, मटियापुरा और दोहरोटा पंचायतों में जॉबकार्डों पर रिपीट और डुप्लीकेट फोटो अपलोड कर ई-केवाईसी करने के आरोप में अनिल प्रताप सिंह तोमर, लालजीत सिंह तोमर और राहुल सिंह तोमर की संविदा सेवा समाप्त की गई है। मटियापुरा में महिलाओं के जॉबकार्ड पर पुरुषों के फोटो अपलोड करने का मामला भी सामने आया। भदावली पंचायत के अवध प्रताप सिंह तोमर को गलत, धुंधले और डुप्लीकेट फोटो अपलोड करने पर शासकीय कार्य से विरत किया गया है।
कुरैठा पंचायत में क्षतिग्रस्त रपटा निर्माण और पुत्र की फर्म को लाभ पहुंचाने के लिए फर्जी बिल-वाउचर से राशि निकालने के आरोप में सचिव रणवीर सिंह तोमर निलंबित किए गए हैं। महुआ पंचायत में तालाब निर्माण की जांच में कमी मिलने पर संविदा उपयंत्री हर्ष समाधिया का एक माह का मानदेय राजसात किया गया। शहदपुर पंचायत के रोजगार सहायक विनोद कुमार पर मृत व्यक्ति के जॉबकार्ड पर डिमांड डालकर राशि निकालने के आरोप में कार्रवाई हुई है।
अंबाह की दोहरा, बडफरा और सिहोनिया पंचायतों में निर्माण कार्यों की राशि निकालकर काम नहीं कराने के आरोप में सचिव बनवारीलाल शर्मा, नरेश सिंह और हरेन्द्र सिंह तोमर निलंबित किए गए हैं। बडफरा के रोजगार सहायक मुकेश ओझा को भी शासकीय कार्य से विरत किया गया है। पहाडग़ढ़ की गस्तोली-नरहोली पंचायत में निर्माण कार्यों की वित्तीय अनियमितता पर सचिव नरेश सिंह सिकरवार निलंबित हुए हैं। धोंधा पंचायत के रोजगार सहायक रामअवतार सिंह धाकड़ पर अधूरे तालाब कार्यों के बिलों से भुगतान निकालने के प्रयास के आरोप में कार्रवाई की गई है।
पंचायतों में भ्रष्टाचार की शिकायतों की जांच के बाद 16 अधिकारी व कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है। निर्माण कार्यों में गड़बड़ी, फर्जी बिलों से भुगतान, जॉबकार्डों में डुप्लीकेट फोटो अपलोड के मामले में सात निलंबित और चार की संविदा सेवा समाप्त, पांच की शासकीय कार्य से विरत किया गया है।