
मुरैना. मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति में सुधार हुआ है लेकिन मुरैना जिला नया हॉटस्पॉट बन गया है। जिले में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए धौलपुर (राजस्थान) की सीमा सील कर दी गई है। अल्लाबेली चैक प्वाइंट पर लोगों की जांच होगी। मुरैना कलेक्टर प्रियंका दास ने राज्य सरकार की अनुमति मिलने के बाद जिले की सीमा से लगे धौलपुर (राजस्थान) की सीमा को सील करने का निर्णय लिया। कलेक्टर ने कहा कि अब धौलपुर से आने जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है।
मुरैना जिले की सीमा स्थित चंबल राजघाट पर पुलिस बल तैनात किया गया है। कोई भी व्यक्ति अगर अपनी रिश्तेदारी में मुरैना आएगा तो सैंपल जांच के बाद ही उसे अनुमति दी जाएगी। बता दें कि मुरैना जिले में बीते पांच दिनों में करीब 100 संक्रमण के मामले सामने आए हैं।
जौरा बाजार नो व्हीकल जोन
कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए जौरा के बाजारों को सुबह नौ से शाम छह बजे तक नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। एसडीएम नीरज शर्मा ने जौरा थाना प्रभारी के प्रतिवेदन के आधार पर गुरुवार की शाम को यह प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया। इस अवधि में दो पहिया, तीन पहिया व चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह निषेध रहेगा। मरीज वाहनों व सरकारी ड्यूटी वाहनों को नहीं रोका जाएगा।
मुरैना में कोरोना के आंकड़े
जिलेभर में पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 260 हो गई है। इनमें से एक्टिव केस 112 हैं। वहीं, गुरुवार को जिलेभर में सबसे अधिक 310 लोगों के सैंपल हुए। इनमें से 298 सैंपल जिला अस्पताल में लिए गए। मुरैना जिले में कोरोना वायरस के कारण एक मौत भी हो गई है।
गुरुवार को 36 मामले
मुरैना जिले में गुरुवार को कोरोना संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले सामने आए। गुरुवार क ोमुरैना में 36 लोग संक्रमित पाए गए।