मुरैना

पुलिस गश्त करती रही इधर अंबाह में 40 लाख की सशस्त्र डकैती

किन्नरों को बंधक बनाकर सोने- चांदी के जेवर व नगदी समेट ले गए बदमाश, कैमरे की डीवीआर व मोबाइल भी ले गए, गैस कटर से दरवाजा काटकर अंदर घुसे बदमाश

4 min read
Jan 18, 2026

मुरैना. अंबाह में नकाबपोश सशस्त्र बदमाशों ने किन्नरों को बंधक बनाकर कमरे में बंद कर दिया। गैस कटर से अलमारी काटकर उसमें रखे सोने- चांदी के आभूषण व नगदी सहित करीब 40 लाख लूटने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। घटना शनिवार- रविवार की दरम्यानी रात की है। बदमाशों के जाने के बाद किन्नरों ने किसी तरह एक दूसरे को खोलकर प्लास से किबाड़ की कुंडी खोली तब बाहर निकलकर पड़ौसी के मोबाइल से पुलिस को सूचना दी। विडंवना ये देखिए कि पुलिस नाइट कॉबिंग गश्त का डिढ़ोरा पीट रही है, उसके बाद भी डकैती हो गई।


जानकारी के अनुसार अंबाह की दोहरी रोड बजरंग कॉलोनी कृष्णा गार्डन के पस जग्गा चौराहे पर निवासरत राबिया किन्नर के मकान में राबिया के अलावा राधिका किन्नर, रिया किन्नर, श्री किन्नर अलग-अलग कमरो में सो रहे थे तभी रात को करीब डेढ़ बजे 8-9 बदमाश बदमाश सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़े और गैस कटर से छत का दरवाजा काटकर अंदर घुसे। इसके बाद वे दूसरी मंजिल से सीधे ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचे, घर के हॉल में सो रही रिया और श्री किन्नर को कट्टे, पिस्टल और बन्दूक दिखाकर दोनों के हाथ पैर बांध दिए तथा दूसरे कमरे में सो रही राधिका किन्नर के भी हाथ पैर बांध दिए। बाद में राधिका से आवाज दिलवाकर राबिया का कमरा खुलवाया और उसको भी बांध दिया। उसके बाद बदमाशों ने डेढ़ बजे से चार बजे तक डेढ़ घंटे में वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने राबिया के कमरे में रखी लोहे की दो लोहे की अलमारी और एक लकड़ी की अलमारी में रखे करीब 20 तोले सोने के जेवर, पांच किलो चांदी के जेवर और चार लाख रुपए नगद समेटकर ले गए। सबूत मिटाने के उद्देश्य से बदमाश सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर, किन्नरों के मोबाइल भी ले गए। हालांकि तीन मोबाइल घर से कुछ दूरी पर मिट्टी में दबे मिल गए हैं, एक मोबाइल को ले गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी व मुरैना से डॉग स्क्वाइड भी मौके पर पहुंचा और मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

चेला को गन पॉइंट पर लेकर खुलवाया गुरु का कमरा

अंबाह कस्बे में बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम देने से पूर्व तीनों चेलाओं को बंधक बनाया फिर चेला राधिका को गन पॉइंट पर लेकर उसी से आवाज दिलवाकर गुरु राबिया किन्नर का कमरा खुलवाया, चूंकि माल राबिया के कमरे में रखी अलमारियों में ही था। बाद में गुरु को भी गन पॉइंट पर लेकर बंधक बनाया और वारदात को अंजाम दिया। विडंवना इस बात की है कि बदमाश रात को ढाई घंटे तक धमाल मचाते रहे, इस दौरान पुलिस को सुराग भी नहीं लगा। इसको लेकर लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं। पुलिस नाइट कॉबिंग गश्त के नाम पर बड़ी सफलता का ढिढोरा पीट रही है, लेकिन अंबाह में हुई डकैती ने पुलिस की सक्रियता पर प्रश्न चिन्ह खड़ा कर दिया है। बदमाश कटर मशीन लेकर आए और रात में उन्होंने वारदात को अंजाम दिया और आसानी से निकल भी गए। लेकिन रास्ते में कहीं पुलिस नहीं टकराई। घटना के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया है। रात चार बजे बदमाशों के निकलने के बाद किसी तरह राबिया व उसके चेले घर से बाहर निकले और पड़ौसी के मोबाइल से फोन किया तब 4.40 बजे अंबाह पुलिस मौके पर पहुंची। सुबह होने पर मुरैना से डॉग स्क्वॉड बुलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र प्रताप सिंह डावर और एसडीओपी अंबाह रवि सिंह भदौरिया ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कह रही है, लेकिन घटना के कई घंटे बाद भी पुलिस के पास कोई सुराग नहीं हैं। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ डकैती का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।

फारसी भाषा बोल रहा था एक बदमाश

किन्नर राबिया के घर हुई डकैती की वारदात में कुछ तथ्य भी सामने आए हैं। मौके से एक ग्लब्स बरामद हुआ है, जिसे अहम सुराग माना जा रहा है। राबिया ने दावा किया कि बदमाशों में से एक फारसी भाषा में बात कर रहा था। बदमाश जाते समय धमकी भी दे गए हैं कि शहर में कहीं निकले तो गोली मार दी जाएगी। पुलिस ने बाद में जमीन में दबे टूटे मोबाइल भी बरामद हुए।

ये सामान समेट ले गए बदमाश

साढे तीन तोले का सोने का एक जोडी कानो का झुमका, एक ढाई तोले का गले का सोने का हार, 03 सोने के मंगलसूत्र, 02 तोला की सोने की चैन, 01 सवा तोले की सोने की चैन, 01 आधे तोले की छोटी चैन, 03 नग सोने के पैडेन्ट वाले छोटे मंगलसूत्र, 06 छल्ले सोने के 02-02 ग्राम के, 07 सोने की अंगूठिया, 01-01 तोला की सोने की 02 गिन्नी, 01 आधा तोले का तनिष्क का सिक्का, करीब 04 किलो चांदी के बिस्किट, पायल, बिछिया, करधौनी, पैर के खडुआ तथा 04 लाख नगदी समेटकर ले गए। एक मोबाइल भी ले गए।

पीडि़त किन्नरों की जुबानी

हम चारों किन्नरों को अलग अलग कमरो में ले जाकर हमारे कपड़े उतरवाकर फिर अश्लीलता की। चारो को राधिका के कमरे में ले जाकर थाप घूसो से मारपीट की। बदमाश करीब 20 तोला सोना, 5 किलो चांदी के जेवर, 4 लाख रुपए नगद सहित करीब 40 लाख का माल समेटकर ले गए।

राबिया किन्नर

मैं और श्री किन्नर घर के हॉल में सो रहे थे, तभी नकाबपोश 8-9 बदमाश आए, उनके पास कट्टा, पिस्टल, बंदूक थी। उन्होंने हम दोनों की मारपीट की और हाथ- पैर बंाध दिए। उसके बाद राधिका के कमरे की तरफ चले गए।

रिया किन्नर

बदमाशों ने हथियारों का भय दिखाकर चुप रहने की धमकी दी और हाथ- पैर बांध दिए। उन्होंने मेरे साथ अभद्रता भी की। बदमाश बहुत धीमी आवाज में बोल रहे थे। हमको कमरे में बंद करके सामान समेटकर ले गए।

श्री किन्नर

मैं घर के अंदर अलग कमरे में सो रही थी। हथियारों से लैस बदमाश मेरे पास पहुंचे और पहले मुझे बांध दिया। फिर मेरे पैर खोल दिए और गुरु राबिया के कमरे पास ले गए। मुझसे ही गुरु को आवाज दिलवाई जिससे उन्होंने कमरा खोल दिया और फिर मारपीट कर सबको बंधक बना लिया।

राधिका किन्नर

सीसीटीवी कैमरे चेक कर रहे हैं

घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। डॉग स्क्वॉड और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। फिलहाल अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

रवि भदौरिया, एसडीओपी अंबाह

Updated on:
18 Jan 2026 09:37 pm
Published on:
18 Jan 2026 09:36 pm
Also Read
View All

अगली खबर