मुरैना

बड़ा झटका: ई-अटेंडेंस न लगाने वाले ‘400 शिक्षकों’ का वेतन रोका गया

MP News: स्कूल शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों में सरकार ने ई-अटेंडेंस लागू कर दी है। अगर कर्मचारी ई-अटेंडेंस नहीं लगाएंगे तो उनकी सैलरी रोकी जाएगी।
2 min read
Jan 18, 2026
e-attendance system
e-attendance system प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)

MP News: एमपी के मुरैना जिले में शिक्षा विभाग में ई अटेंडेंस के नाम पर अफसरों और माननीयों के यहां चाकरी करने वाले शिक्षकों-कर्मचारियों की मौज है। जो शिक्षक स्कूल में पढ़ाने के बाद भी ई-अटेंडेंस नहीं लगा पा रहे, मुरैना ब्लॉक में पदस्थ ऐसे 400 शिक्षकों का दिसंबर महीने में 15 से 20 दिन का वेतन रोका गया है। जिला पंचायत सीईओ, जिपं अध्यक्ष, कलेक्ट्रेट और निर्वाचन सहित दूसरी शाखाओं में अटैचमेंट होकर बेगार कर रहे कर्मचारियों का बिना अटेंडेंस ही वेतन निकाला जा रहा है।

आ रही तकनीकी दिक्कतें

यहां बता दें कि स्कूल शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों में सरकार ने ई-अटेंडेंस लागू कर दी है। अगर कर्मचारी ई-अटेंडेंस नहीं लगाएंगे तो उनकी सैलरी रोकी जाएगी। हालांकि कर्मचारियों के सामने ई-अटेंडेंस लगाने में कई तरह की तकनीकी दिक्कतें भी आ रही हैं। जैसे ई अटेंडेंस लगाते वक्त शिक्षकों के मोबाइल में लोकेशन स्कूल के बजाय दूसरी जगह दिखाई जा रही है। वहीं लोकेशन में त्रुटि होने और अटेंडेंस लगाते वक्त पोर्टल से जुड़ी तकनीकी दिक्कतें जैसे नेटवर्क इश्यू, पोर्टल पर ई-अटेंडेंस एप में एंट्री और एग्जिट में दिक्कतों जैसी तकनीकी दिक्कतें आ रहे है।

अटैच कर्मियों का बिना ई अटेंडेंस निकाला जा रहा वेतन

-शासकीय उमावि क्रमांक-02 में भृत्य के रूप में पदस्थ बच्चूलाल वर्तमान में जिला पंचायत सीईओ के दफ्तर में अटैच है। लेकिन उनका बिना ई अटेंडेंस लगाए ही दिसंबर महीने का वेतन निकाल दिया गया।

-शासकीय उमावि क्रमांक-02 गणेशपुरा में पदस्थ भृत्य विजय सिंह जाटव वर्तमान में जिला पंचायत अध्यक्ष आरती गुर्जर के यहां अटैच हैं। वह भी स्कूल आकर अटेंडेंस नहीं लगा रहे फिर भी स्कूल प्राचार्य आरएल मौर्य ने उनका नाम वेतन रोकने वाले स्टाफ की सूची में भेजा ही नहीं।

-भृत्य के रूप में शासकीय उमावि क्रमांक-02 में पदस्थ नरेश राठौर भी मॉडल स्कूल में अटैच हैं, इसके बावजूद उनका वेतन बिना ई अटेंडेंस लगाए ही निकाला जा रहा है।

अटैच स्टाफ का वेतन निकालने के थे आदेश

शिक्षा विभाग का जो स्टाफ दूसरी जगह अटैच है, बिना ई अटेंडेंस लगाए उनका वेतन निकालने के आदेश ऊपर से आए थे।- श्यामसिंह तोमर, बीईओ मुरैना

दूसरे जगह भी पदस्थ कर्मचारी लगा रहे थंब

हमारे स्कूल के जो कर्मचारी दूसरे विमानों में अटेच हैं। उन्हीं दफ्तरों में थंब इंप्रेशन मशीन पर अटेंडेंस लगा रहे हैं, इसलिए उनका नाम वेतन काटने वाले कर्मचारियों की सूची में नहीं भेजा। - आरएल मौर्य, प्राचार्य शासकीय उमावि क्रमांक-2 गणेशपुरा

Updated on:
18 Jan 2026 05:54 pm
Published on:
18 Jan 2026 05:54 pm