मुरैना

ट्रक की टक्कर से युवक की मौत पर दो घंटे जाम रहा हाईवे

अंबाह बाईपास से लेकर सिकरौदा नहर तक नौ किमी तक लगी वाहनों की कतार, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया जाम

2 min read
Mar 18, 2026

मुरैना. नेशनल हाईवे क्रमांक 44 देवरी क्वारी नदी पुल के पास ट्रक ने दो बाइकों में टक्कर मार दी जिससे एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि दूसरी बाइक सवार दो लोगों में से एक घायल हो गया। एक्सीडेंट के बाद राहगीरों ने विरोध प्रदर्शन किया, इसके चलते हाईवे पर जाम लग गया। जो पौने छह बजे से रात सवा आठ बजे तक रहा।


जानकारी के अनुसार तीन युवक दो मोटरसाइकिलों से छत्तरपुर से दिल्ली जा रहे थे। मुरैना में क्वारी पुल पर पहुंचे ही थे तभी पीछे से अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे दोनों बाइक सवार सडक़ पर गिर गए। एक बाइक सवार अजय (30) पुत्र लच्छी अहरिवार निवासी नौगांव छतरपुर मप्र के सिर के ऊपर ट्रक का पहिया निकल गया, जिससे उसके चिथड़े- चिथड़े उड़ गए। जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोगों में से बजाज (21) पुत्र जमुनादास निवासी पठारी, महोवा उप्र को मामूली चोट आई है। एक्सीडेंट के बाद करीब सवा छह बजे कुछ राहगीरों ने मोटरसाइकिल बीच सडक़ पर डाल दीं, जिससे जाम लग गया। उधर वाहनों ने दूसरी साइड से निकालने का प्रयास किया तो उधर भी जाम लग गया। जाम इतना लंबा था कि मुरैना अंबाह बाईपास से लेकर सिकरौदा नहर तक दोनों तरफ जाम लग गया। पुलिस मौके पर पहुंची, बॉडी व बाइकों को वहां से उठाया तब सवा आठ बजे जाम खुल सका।

मृतक की बाइक से पीछे बंधा था हेलमेट

एक्सीडेंट में जिस युवक की मौत हुई, उसका हेलमेट बाइक से पीछे बंधा था। अगर हेलमेट लगा होता तो संभवहत युवक की जान बच सकती थी। वहीं दूसरी बाइक पर दोनों युवक हेलमेट लगाए थे, इसलिए वह पूरी तरह सुरक्षित हैं।

हार्वेस्टर मशीन की टक्कर से महिला की मौत, दो घायल

सरायछौला थाना क्षेत्र में हाईवे पर बंधा गांव के पास हार्वेस्टर मशीन ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी जिससे महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि बाइक पर सवार दो अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना सोमवार- मंगलवार की दरम्यानी रात की है। जानकारी के अनुसार संतो देवी (48) पत्नी निरंजन जाटव निवासी चित्तौरा धौलपुर राजस्थान, राजाबेटी (34) पत्नी हाकिम सिंह निवासी चित्तौरा धौलपुर, जसवंत (22) पुत्र निरंजन निवासी चित्तौरा मोटरसाइकिल से धौलपुर से मुरैना आ रहे थे। बंधा गांव के पहुंचे ही थे तभी हार्वेस्टर मशीन ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी जिससे संतोदेवी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राजा बेटी, जसवंत घायल हुए हैं। महिला के शव को पीएम हाउस में रखवाया गया, जिसका मंगलवार की सुबह पीएम करवाकर शव परिजन को सुपुर्द किया और घायलों को रात को ही अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Updated on:
18 Mar 2026 04:58 pm
Published on:
18 Mar 2026 04:55 pm
Also Read
View All

अगली खबर