
मुरैना. शहर की एमएस रोड पर चली जा रही एक युवती मंगलवार को दोपहर अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार उत्तमपुरा निवासी एकता (18) पुत्री बारेलाल फोन पर बात करती हुई ऑफिसर कॉलोनी के सामने एमएस रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक उसे चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। लोगों ने डायल 100 वाहन को फोन करके बुलाया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा दिया।
बाइकर्स गैंग ने फायरिंग कर, फैलाई दहशत
वनखंडी रोड पर पाठक वाली गली में बीते रोज बाइकर्स गैंग द्वारा दो बार फायरिंग की गई। ऐसा उन्होंने दहशत फैलाने के इरादे से किया। इस संबंध में महेश सिकरवार नामक व्यक्ति द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार तीन-चार बाइकों पर सवार होकर तकरीबन आठ-दस युवक सोमवार की शाम चार बजे पाठक वाली गली में आए और कट्टे लहराते हुए फायरिंग की। इस सिलसिले में महेश सिंह सिकरवार द्वारा कोतवाली में आवेदन दिया गया। इसके बाद रात 11 बजे बाइकर्स गैंग के सदस्य महेश सिकरवार के घर पहुंच गए और धमकाते हुए फिर से हवाई फायर किया। महेश सिकरवार ने अपने आवेदन में बजरंग गुर्जर, बल्ला गुर्जर, अतेन्द्र गुर्जर, दीपू घुरैया व दीपू मावई सहित चार अन्य लोगों पर फायरिंग का आरोप लगाया है। हालांकि सोमवार को आवेदन पर मामला दर्ज नहीं किया गया था, इसलिए महेश सिकरवार ने मंगलवार को अपना आवेदन पुलिस अधीक्षक को भी दिया। इसके बाद मामला दर्ज कर लिया गया है।
रंजिशन सगे भाइयों की मारपीट
पहाडग़ढ़ के पलिकिनी गांव में रंजिश के चलते तीन सगे भाइयों की मारपीट कर दी गई। घटना मंगलवार सुबह की है। जानकारी के अनुसार बेताल यादव का गांव के ही कुछ लोगों से विवाद हो गया। इस दौरान मलखान, जगदीश, चंद्रभान, ऊदल व सीतादास यादव ने बेताल व उसके भाइयों की मारपीट कर दी। पुलिस ने इस सिलसिले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
हत्या में नामजद तीन महिलाओं पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित
हत्या के एक मामले में नामजद तीन महिला आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। जिन महिला आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है, उनमें बेबी राजकुमारी पत्नी मुरली सिंह चौहान ६० वर्ष, रानी पत्नी हरनाम सिंह सिकरवार 30 वर्ष तथा ल्होई पत्नी राजेन्द्र उर्फ ल्होए सिकरवार 30 वर्ष बताए गए हैं। ये सभी हुसैनपुर की रहने वाली हैं।