
पोरसा. नगर की झारखण्डेश्वर कॉलोनी जौटई रोड पर रहने वाले सीआरपीएफ हवलदार ऋषिकेश पचौरी के घर में रविवार की रात चोरों ने हाथ साफ कर दिया। चोर घर से डेढ़ लाख रुपए नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण समेट कर ले गए। चोर लगभग आठ लाख रुपए का माल चुरा कर ले गए हैं। पुलिस ने चोरों क खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक झारखण्डेश्वर कॉलोनी जौटई रोड निवासी ऋषिकेश पचौरी पत्नी ऊषा तथा भतीजे सौरभ पचौरी के साथ खाना खाकर कमरे में सो रहे थे। सुबह तीन बजे सौरभ की आंख खुली और उसने कमरे के किबाड़ खोले तो कुण्डी लगी हुई थी। जिस पर सौरभ ने अपने दूसरे मकान से भाई गौरव को फोन कर बुलाया। तो मेनगेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर गौरव ने कुण्डी खोली। अंदर कमरे में जाकर देखा तो अलमारी टूटी हुई थी और पूरे कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। जिस पर पुलिस को सूचना दी गई। चोर घर से डेढ़ लाख रुपए नकद सहित सोने के आभूषणों में दो झुमकी, नौ अंगूठी, एक मंगलसूत्र, दो बृजबाला, एक सोने की करधोनी, एक सीतारानी, एक कॉलर, आठ चूड़ी, एक सुई-धागा सहित चांदी के आभूषणों में दो जोड़ी तोडिय़ा, आठ नग बिछिया चुरा कर ले गए। सुबह होने पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
दो गुट भिड़े, मारपीट में आठ लोग घायल
मुरैना. बानमोर थानांतर्गत रिटायर्ड कॉलोनी में दो गुटों के बीच हुए झगड़े में एक-दूसरे की जमकर मारपीट की गई। इस दौरान एक पक्ष के पांच तथा दूसरे पक्ष के तीन लोग घायल हुए। घटना रविवार की रात घटित हुई। जानकारी के अनुसार रिटायर्ड कॉलोनी में मुस्लिम समुदाय के दो गुटों में पहले मुंहवाद हुआ और फिर बात मारपीट तक जा पहुंची। इस दौरान एक गुट के ईशाक खान, पप्पन खान, रेहान खान, जाहिद खान, तथा दूसरे गुट के इरशाद खान, राजा खान, साहिल खान, पप्पे खान व शायरा खान ने एक-दूसरे की जमकर मारपीट की। झगड़े में एक तरफ के ईशाक, आरिफ, साहिल, शायरा व फारुख को चोटें आईं, जबकि दूसरे गुट के आबिद खान, सगीरा खान व जाहिद खान घायल हो गए। झगड़े के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इस सिलसिले में दोनों पक्षों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने क्रास प्रकरण पंजीबद्ध किया है।