महिला पुलिस ने चेक किया तो पर्स में मिला सोना, थाने ले गई पुलिस, मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू, पुरानी वारदातों में हो सकता है महिलाओं का हाथ
मुरैना. इन दिनों शहर में महिला चोर गिरोह सक्रिय है। भीड़ वाले बाजारों में हाथ साफ करने में माहिर महिलाएं उत्तरप्रदेश की बताई गई हैं। शहर के झंडा चौक पर बच्चे के लिए सोने के पेंडल लेने गई तीन महिलाओं ने सराफे की दुकान से 3.50 ग्राम सोना पार कर दिया। पुलिस ने तीनों महिलाओं को हिरासत में लेकर उसने सोना बरामद कर लिया है। एक महिला बुंदेलखंड और दो आगरा की हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम छह बजे तीन महिलाएं झंडा चौक स्थित अक्सा ज्वैलर्स पर पहुंची और दुकानदार से बोली कि बच्चों के सोने के पेंडल दिखा दो। दुकानदार ने पेंडल रखे पैकेट का कांटे से वजन किया और महिलाओं को पैकेट दिया। महिलाओं ने पैकेट में रखे पेंडल देखे और फिर वापस कर दिए। जब दुकानदार अजुरुद्दीन ने पैकेट को तौला तो उसका वजन 35 ग्राम ही हुआ यानि कि उसमें 3.50 ग्राम वजन का सोना गायब था। जब महिलाओं से पूछा तो उन्होंने अपने पास होने से साफ इंकार कर दिया। दुकानदार ने पड़ौस की महिला को बुलाकर सर्चिंग कराई तो महिलाओं के पास सोना नहीं निकला। तब दुकानदार ने पुलिस 112 डायल वाहन को फोन किया। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला पुलिस से तलाश करवाई तो एक महिला के पर्स में 3.50 ग्राम सोना रखा मिला। उसके बाद पुलिस महिलाओं को सिटी कोतवाली थाने ले गई। थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने बताया कि महिलाओं से पूछताछ कर रहे हैं, उन्होंने कब और कौन सी वारदात को अंजाम दिया।
सराफे में चोरी करते पकड़ी गई बुदेलखंड व आगरा की महिलाओं के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। महिलाओं से पुलिस पूछताछ कर रही है, चोरी की कुछ पुरानी वारदातों में महिलाओं के हाथ होने की आशंका है। पुलिस चोरी की पुरानी वारदातों के फुटेजों से भी महिलाओं के हुलिया का मिलान कर रही है।