
अंबाह. पचासा मैदान के श्रीराधाकृष्ण मंदिर पर चल रही श्रीमद् देवी भागवत कथा में विश्व कीर्तिमान बनने जा रहा है। कथा के समापन पर भंडारे से पहले कन्या-लांगुरा के रूप में 21 हजार बच्चों को प्रसादी ग्रहण कराई जाएगी। इसकी मॉनिटरिंग के लिए गोल्डन बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड की टीम अहमदाबाद से 29 सितंबर को दोपहर तक अंबाह पहुंच जाएगी।
टीम के सदस्य दिग्नेश पांड्या ने इसके लिए एक फॉर्म भरकर मंगवाया था। साढ़े चार साल में लगभग सभी स्कूलों ने एसडीओपी को बुलाया और आत्मीय सम्मान दिया। इसलिए उन्होंने सेवानिवृत्ति पर आयोजित कथा के समापन पर भंडारे के दिन पहली पंगत में सभी स्कूलों के बच्चों को प्रसाद ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया है। अब तक का जो आंकड़ा सामने आया है उसमें 21 हजार बच्चे हो जाएंगे। यह प्रक्रिया तो स्वाभाविक रूप से तय की गई थी, लेकिन इस बीच किसी ने बताया कि यह वल्र्ड रिकॉर्ड बन सकता है। इस पर गोल्डन बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड की टीम से संपर्क किया गया। टीम ने एक फॉर्म भरकर मांगा, जो बुधवार को भेज दिया गया है। टीम के सदस्य दिग्नेश पांड्या के अनुसार वे २९ को दोपहर तक अंबाह आ जाएंगे और इस आयोजन को लाइव रिकॉर्ड करेंगे।
कथा में हुआ श्रीकृष्ण जन्म
कथा के छठवें दिन बुधवार को देवी भागवत कथा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव हुआ। जैसे ही मंच से कथा व्यास साध्वी रंजना दीदी ने श्रीकृष्ण जन्म की घोषणा की समूचा कथा स्थल बधाई गीतों से गूंजने लगा। कथा के परीक्षत अंबाह एसडीओपी ने बालकृष्ण को टोकरी में लेकर पूरे पंडाल में घूमे। इस दौरान लोगों ने नृत्य भी किया।
बच्चों से आत्मीयता के चलते सेवानिवृत्ति को यादगार बनाना चाहते हैं। इसलिए नवरात्र में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी बच्चों को आमंत्रित किया है। हमारा तो यह धार्मिक प्रयास है यदि वल्र्ड रिकॉर्ड बन सकता है तो यह स्थानीय लोगों के लिए उपलब्धि होगी।
किशोर सिंह भदौरिया, एसडीओपी अंबाह व कथा परीक्षत