मुंबई

Maharashtra: शालीमार-LTT एक्सप्रेस में लगी आग पर पाया गया काबू, रेलवे ने जारी किया बयान, देखें वीडियो

Shalimar-LTT Express Fire Video: रेल प्रशासन ने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है। किसी यात्री/व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है। जनसंपर्क अधिकारी शिवाजी सुतार (Shivaji Sutar) ने बताया कि इंजन के बगल में लगे लगेज कंपार्टमेंट/पार्सल वैन को ट्रेन से अलग कर दिया गया है।
2 min read
• •
Updated: 5 Nov 2022, 12:22 PM IST
shalimar_ltt_express_fire.jpg
शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस में लगी आग

Shalimar-LTT Express Fire at Nashik Road Station: महाराष्ट्र के नासिक रोड रेलवे स्टेशन (Nashik Road Railway Station) पर बड़ा हादसा टल गया है। जहां प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन संख्या 18030 शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस (Shalimar Express) के इंजन से सटे डिब्बे में आग लग गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग पर काबू पा लिया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आज जैसे ही शालीमार एक्सप्रेस नासिक रोड रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो ट्रेन के पार्सल डिब्बे में आग भड़क गई और प्लेटफॉर्म पर धुआँ-धुआँ हो गया। आग की सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। यह भी पढ़े-Nawab Malik: महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नवाब मलिक को बड़ा झटका, ईडी को मिली संपत्ति जब्त करने की अनुमति

आग कैसे लगी यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन आग पर नियंत्रण पा लिया गया है। ट्रेन नंबर 18030 शालीमार से एलटीटी (मुंबई) जा रही थी। ट्रेन जैसे ही सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर नासिक रोड रेलवे स्टेशन पर रुकी तो अचानक पार्सल वैन में आग लग गई। रेल प्रशासन को इसकी भनक लगते ही आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए गए।

रेल प्रशासन ने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है। किसी यात्री/व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है। जनसंपर्क अधिकारी शिवाजी सुतार (Shivaji Sutar) ने बताया कि इंजन के बगल में लगे लगेज कंपार्टमेंट/पार्सल वैन को ट्रेन से अलग कर दिया गया है। जल्द ही ट्रेन फिर से सकुशल आगे की यात्रा शुरू करेगी। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

इस बीच, ट्रेन के लगेज बोगी में अचानक आग लगने से यात्री सहम गए। इस घटना के कारण मुंबई की तरफ जाने वाली ट्रेन सेवा बाधित हो गई है। खबर है कि नासिक रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो का संचालन जारी रहेगा। बाधित लाइन की ट्रेनें अन्य पटरियों पर डायवर्ट की जा रही है।

Published on: