Mumbai Development Plan: सीएम फडणवीस ने स्पष्ट किया कि विकास पर्यावरण के साथ समझौता किए बिना होगा और इसके लिए आधुनिक व उन्नत तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।
मुंबई को जल्द ही यातायात जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कहा कि कुछ वर्ष पहले ‘मुंबई विदिन 59 मिनट्स’ (Mumbai Within 59 Minutes) का सपना देखा था, अब वह जल्द पूरा होने जा रहा है।” उन्होंने बताया कि मेट्रो नेटवर्क तेजी से बढ़ रहा है और हर साल कम से कम 50 किलोमीटर नया मेट्रो मार्ग तैयार हो रहा है। इसके साथ ही सड़क ढांचा भी मजबूत हो रहा है, जिससे मुंबईकरों का सफर आसान और ट्रैफिक मुक्त होगा।
बांद्रा में एमएमआरडीए और मुंबई महानगरपालिका के विभिन्न प्रोजेक्ट्स के उद्घाटन के दौरान सीएम फडणवीस ने कहा कि शुक्रवार से मुंबई का कोस्टल रोड नागरिकों के लिए 24 घंटे खुला रहेगा। यह मार्ग न केवल यातायात के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा बल्कि यहां पैदल चलने वालों के लिए वॉकिंग ट्रैक और साइकिल ट्रैक भी होगा। पूरा कोस्टल रोड सीसीटीवी निगरानी में रहेगा।
उन्होंने बताया कि मुंबई के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने वाली सुरंगें, लिंक पुल और फ्लाईओवर यातायात को सुगम बनाने में उपयोगी होंगे। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर दबाव कम करने के लिए समानांतर मार्ग बनाए जा रहे हैं। सभी बड़े विकास प्रोजेक्ट 2028-29 तक पूरे करने का लक्ष्य है।
सीएम फडणवीस ने स्पष्ट किया कि विकास पर्यावरण के साथ समझौता किए बिना होगा और इसके लिए आधुनिक व उन्नत तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उपनगरीय ट्रेनों में भी जल्द ही मेट्रो जैसे एसी डिब्बे और स्वचालित दरवाजे होंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुंबई मेट्रो प्रोजेक्ट न सिर्फ यातायात सुधारेंगे बल्कि रोजगार भी बढ़ाएंगे।