मुंबई

1.5 घंटे का सफर 10 मिनट में होगा पूरा, 3900 करोड़ रुपये होंगे खर्च, क्या है महाराष्ट्र सरकार की नई परियोजना

Madh-Versova Link Bridge: मढ़ से वर्सोवा तक 21 से 22 किमी की दूरी तय करने में डेढ़ घंटे का समय लगता है, खासकर ट्रैफिक जाम की स्थिति में यह समय और बढ़ जाता है।

2 min read
Nov 07, 2025
मढ़-वर्सोवा खाड़ी पुल (AI Image)

मुंबई शहरवासियों के लिए राहत की खबर है। मालाड के मढ़ और अंधेरी के वर्सोवा के बीच लंबे समय से प्रतीक्षित खाड़ी पुल प्रोजेक्ट आखिरकार शुरू होने जा रहा है। पर्यावरण और वन विभाग की मंजूरी में देरी के कारण अब तक लटके इस प्रोजेक्ट का काम अगले दो महीनों में शुरू होने की जानकारी है।

फिलहाल मढ़ से वर्सोवा तक 21 से 22 किमी की दूरी तय करने में डेढ़ घंटे का समय लगता है, खासकर ट्रैफिक जाम की स्थिति में यह समय और बढ़ जाता है। लेकिन ब्रिज बन जाने के बाद यह सफर सिर्फ 10 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। खास बात यह है कि यह केबल-स्टेड ब्रिज होगा, जिसमें डेक को केबलों द्वारा सहारा दिया जाएगा, केबल सीधे टावरों से जुड़े होंगे।

ये भी पढ़ें

New Train: महाराष्ट्र में दौड़ेगी एक और वंदे भारत एक्सप्रेस, इस रूट के यात्रियों को होगा सबसे ज्यादा फायदा

2.06 किलोमीटर लंबा यह पुल वर्सोवा और मढ़ जेटी के बीच वर्सोवा खाड़ी पर बनेगा। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) इसका निर्माण करवाएगी। फिलहाल, इस खाड़ी को पार करने का सबसे तेज तरीका बोट है, जिसमें 5 मिनट से भी कम समय लगता है और 10 से 15 रुपये का खर्च आता है, अगर बाइक हो तो और भी ज्यादा किराया लगता है। लेकिन यह बोट सेवा चार पहिया वाहनों के लिए नहीं है और मानसून के दौरान भी बंद रहती है। वर्सोवा और मढ़ की दूरी जेपी रोड, लिंक रोड और मिठ चौकी से होकर सड़क मार्ग से 22 किमी की है, जिमसें 90 मिनट का समय लगता है।

मढ़-वर्सोवा ब्रिज को मिली रफ्तार

मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी दी थी और फरवरी 2023 में महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (MCZMA) से भी अनुमति मिल चुकी थी। साथ ही तटीय विनियमन क्षेत्र (CRZ) की मंजूरी और ठेकेदार की नियुक्ति भी हो चुकी है। तीन साल की अवधि में इस पुल का निर्माण पूरा करने की योजना है।

हालांकि परियोजना के लिए कुछ मैंग्रोव के पेड़ काटने की जरूरत है। इसके लिए केंद्र के पर्यावरण और वन मंत्रालय से मंजूरी लंबित है। जुलाई में इसको लेकर प्रस्ताव भेजा गया है, और अब अनुमति मिलने के बाद बॉम्बे हाईकोर्ट की भी मंजूरी लेकर मैंग्रोव हटाने और शुरुआती निर्माण कार्य की शुरुआत की जाएगी।

मुंबई महानगरपालिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जरूरी मंजूरियां मिलते ही पुल का काम शुरू किया जाएगा, और अगले दो महीनों में यह प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।

केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल ने हाल ही में मुंबई महापालिका के साथ बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की, जिसमें यह भी तय किया गया कि मढ़-वर्सोवा ब्रिज पर जल्द काम शुरू होगा।

3900 करोड़ खर्च होने का अनुमान

मढ़-वर्सोवा ब्रिज की अनुमानित लागत करीब 3,900 करोड़ रुपये है। इसकी लंबाई लगभग डेढ़ किलोमीटर होगी। हालांकि शुरुआत में स्थानीय मछुआरा समुदाय ने समुद्री मार्ग और जाल बिछाने में बाधा आने की आशंका में परियोजना का विरोध किया था, लेकिन प्रशासन की ओर से परियोजना के महत्व को समझाए जाने के बाद वह राजी हो गए।

मढ़-वर्सोवा खाड़ी ब्रिज के बनने से न केवल पश्चिमी उपनगरों के लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि मुंबई के ट्रैफिक पर भी बड़ा असर पड़ेगा। यह प्रोजेक्ट मुंबई के बुनियादी ढांचे को नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है।

ये भी पढ़ें

Thane Ring Metro: 29 km लंबाई, 22 स्टेशन…ठाणे रिंग मेट्रो कब दौड़ेगी? आ गई बड़ी अपडेट

Published on:
07 Nov 2025 04:23 pm
Also Read
View All

अगली खबर