मुंबई

Maharashtra Crime: जिस भाई पर था भरोसा, उसी पर बहन के शोषण का आरोप, एक महीने चुप रहने के बाद पहुंची पुलिस के पास

Brother Sister Crime: तेलंगाना के आदिलाबाद में 16 साल की नाबालिग ने अपने सगे बड़े भाई पर करीब एक महीने तक ज्यादती करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 1:08 PM IST
Minor Girl Abuse Case
आदिलाबाद में नाबालिग बहन के शोषण का आरोपी निकला बड़ा भाई। (Ai Generated Photo)

Minor Girl Abuse Case: तेलंगाना के आदिलाबाद शहर में परिवार के भीतर नाबालिग की सुरक्षा से जुड़ा एक मामला सामने आया है। यहां 16 साल की लड़की ने अपने सगे बड़े भाई पर करीब एक महीने तक ज्यादती करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया। वहीं, नाबालिग को सुरक्षा और मदद के लिए भरोसा केंद्र भेजा गया है।

महाराष्ट्र से आकर आदिलाबाद में बसा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, यह परिवार मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला है। कुछ समय पहले परिवार तेलंगाना के आदिलाबाद शहर आकर बस गया था। यहां सभी किराए के मकान में रहते थे। लड़की की मां का कुछ साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद वह अपने पिता और दो भाइयों के साथ रह रही थी।

परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं थी। बड़ा भाई गाड़ी चलाने का काम करता था। आर्थिक परेशानी का असर लड़की की पढ़ाई पर भी पड़ा और उसे नौवीं कक्षा के बाद स्कूल छोड़ना पड़ा। इस तरह कम उम्र में ही उसकी पढ़ाई रुक गई।

एक महीने तक डर के कारण चुप रही लड़की

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, बड़े भाई ने करीब एक महीने पहले लड़की के साथ गलत हरकत करनी शुरू की थी। आरोप है कि उसने लड़की को इस बारे में किसी को बताने से मना किया और चुप रहने के लिए धमकाया भी। घर के ही सदस्य पर आरोप होने और धमकी मिलने के कारण लड़की किसी से अपनी परेशानी साझा नहीं कर पाई।

आखिरकार उसके लिए यह सब सहना मुश्किल हो गया। उसने हिम्मत जुटाई और आदिलाबाद पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। लड़की ने पुलिस को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया।

भरोसा केंद्र भेजी गई नाबालिग

पुलिस ने लड़की को सुरक्षा देने और आगे की मदद के लिए भरोसा केंद्र भेजा है। वहीं, आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।