
छठ महापर्व पर मजाक बनाकर आए निशाने पर कॉमेडियन (सोर्स: x-@HindustanKiArmy)
Yash Maheshwari Comedian Controversy: स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी छठ पूजा के दौरान बिहारी महिलाओं और सिंदूर लगाने की परंपरा पर की गई अपनी एक टिप्पणी को लेकर भारी विवाद में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना के बाद हालांकि उन्होंने वीडियो जारी कर अपनी गलती को मानते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है, लेकिन मामला शांत होता नजर नहीं आ रहा है। इंटरनेट पर यूजर्स लगातार उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, भाजपा नेता और सामाजिक कार्यकर्ता रितु जायसवाल ने भी इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए बिहार के हर जिले में कॉमेडियन के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग की है।
यश माहेश्वरी राजस्थान के जयपुर से ताल्लुक रखने वाले एक स्टैंडअप कॉमेडियन और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं, जो बेहतर अवसरों और बड़े दर्शकों की तलाश में करीब 4 साल पहले दिल्ली आए थे और तब से दिल्ली-NCR के कॉमेडी सर्किट में एक्टिव हैं। बता दें, अपने शो में अक्सर राजस्थान से जुड़े अनुभवों का जिक्र करने वाले यश ने यूट्यूब चैनल @Almostyash पर डार्क ह्यूमर, बोल्ड पंचलाइन और रोजमर्रा की जिंदगी पर आधारित वीडियो के जरिए खास पहचान बनाई है।
दरअसल, उनके चर्चित वीडियो 'Joint Family' को करीब 40 लाख और 'DADDY ISSUES & PERIODS' को 10 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं, जबकि 'मोरली क्वेश्चनेबल स्टैंडअप कॉमेडी' वीडियो के कारण वे हाल ही में विवादों में घिर गए।
ये पूरा विवाद यश माहेश्वरी के एक स्टैंडअप परफॉर्मेंस का क्लिप वायरल होने के बाद खड़ा हुआ, जिसका शीर्षक 'मोरली क्वेश्चनेबल स्टैंडअप कॉमेडी' (Morally Questionable Standup Comedy) था। कॉमेडियन ने यह वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया था, हालांकि चौतरफा विरोध के बाद अब इसे सार्वजनिक रूप से हटा लिया गया है।
वायरल क्लिप में यश ने छठ पूजा के दौरान बिहार की विवाहित महिलाओं द्वारा लगाए जाने वाले लंबे सिंदूर का जिक्र करते हुए मजाक किया था। सोशल मीडिया के एक बड़े वर्ग ने इसे बिहारी महिलाओं की गरिमा और महापर्व छठ के सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व के प्रति बेहद अपमानजनक करार दिया।
मामले के तूल पकड़ने के बाद भाजपा नेता रितु जायसवाल ने कॉमेडियन की टिप्पणी पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने छठ पूजा और व्रत रखने वाली महिलाओं का अपमान करने के आरोप में सख्त कानूनी कदम उठाने की अपील करते हुए बिहार के प्रत्येक जिले में यश माहेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।
बढ़ते विवाद के बीच यश माहेश्वरी ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर "बिहार के सभी लोगों से सार्वजनिक माफी" शीर्षक के साथ एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने स्वीकार किया कि उनसे गलती हुई है और उन्हें बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं पर इस तरह टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी।
यश ने सफाई देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी की धार्मिक मान्यताओं या फिर पर्व मनाने वाले लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाना बिल्कुल नहीं था। अपनी टिप्पणी की पूरी जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने माना कि वे पूरी तरह गलत थे और आहत हुए लोगों से क्षमा मांगते हुए भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन दिया।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allमनोरंजन




