मुंबई

उनका इस तरह जाना बहुत दर्दनाक…डिप्टी सीएम अजित पवार की मौत पर भावुक हुईं सांसद प्रियंका चतुर्वेदी, रो पड़े पूर्व गृहमंत्री

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार की बुधवार को विमान दुर्घटना में मौत हो गई। इस दुखद घड़ी में मुख्यमंत्री फडणवीस ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और वे जल्द ही बारामती के लिए रवाना होंगे।

2 min read
Jan 28, 2026
अजित पवार का निधन (Photo: IANS)

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख अजित पवार का बुधवार सुबह बारामती में प्लेन हादसे में निधन हो गया है। इस दुखद घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देशभर के नेता-मंत्री दुख व्यक्त कर रहे हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और वे तथा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे दोनों बारामती जा रहे हैं। राज्य में आज सरकारी अवकाश घोषित किया गया है और तीन दिनों का शोक घोषित किया गया है। अजित पवार का पार्थिव शरीर बारामती मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रखा गया है। अस्पताल परिसर और उसके आसपास का पूरा नजारा इस वक्त बेहद गमगीन है। अपने लाडले नेता 'दादा' के अंतिम दर्शन के लिए बारामती और आसपास के इलाकों से हजारों की संख्या में लोग अस्पताल के बाहर जमा हो गए हैं।

ये भी पढ़ें

नहीं रहे ‘दादा’… जिस बारामती को बनाया अपना गढ़ वहीं ली अंतिम सांस, आखिरी पलों में क्या हुआ?

फडणवीस बोले- मेरा दिलदार दोस्त चले गया

सीएम फडणवीस ने एक्स पर पोस्ट कर डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी है। फडणवीस ने लिखा, "दादा चले गए! जमीन से जुड़े जननेता, मेरे प्रिय मित्र और सहयोगी उपमुख्यमंत्री अजित दादा पवार के विमान हादसे में निधन की खबर अत्यंत व्यथित करने वाली है। मेरा मन सुन्न हो गया है और इस दुख को व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। मैंने अपना एक दमदार और दिलदार दोस्त खो दिया है; यह मेरी व्यक्तिगत और कभी न पूरी होने वाली क्षति है।"

फडणवीस ने आगे कहा कि आज का दिन महाराष्ट्र के लिए बहुत कठिन है। उन्होंने अजित पवार के परिवार, राष्ट्रवादी कांग्रेस परिवार और हादसे में जान गंवाने वाले अन्य 4 लोगों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

वहीँ, शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने अजित पवार के निधन पर कहा, "... हमारे आपसी मतभेद रहे हैं मगर उनके साथ मुझे काम करने का मौका मिला है। मैं अजित पवार जी के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करना चाहूंगी। वे महाराष्ट्र के एक अच्छे नेता थे। उनका इस तरह जाना बहुत दर्दनाक है।"

अस्पताल के बाहर उमड़ा जनसैलाब

अस्पताल के बाहर का दृश्य किसी को भी झकझोर देने वाला है। समर्थकों और कार्यकर्ताओं का रो-रोकर बुरा हाल है, लोग बिलख रहे हैं और अपने नेता के इस तरह अचानक चले जाने पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बावजूद भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो रहा है।

शरद पवार पहुंचने वाले हैं बारामती

हादसे की खबर मिलते ही एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार मुंबई से बारामती के लिए रवाना हो चुके हैं और कुछ ही समय में अस्पताल पहुंच जाएंगे। अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा और बहन सुप्रिया सुले दिल्ली से बारामती पहुंच रही हैं। पूरे राज्य के लिए यह एक भावुक क्षण है। प्रशासन ने अस्पताल के चारों ओर भारी पुलिस बल तैनात किया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की प्लेन क्रैश में मौत पर शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, "यह बहुत दुखद और दर्दनाक हादसा है। आज सुबह, जब हमने बारामती में प्लेन हादसे की खबर सुनी और यह भी कि हमारे प्रिय अजित पवार उसमें सवार थे, तो हमने भगवान से प्रार्थना की कि किसी भी हालत में कोई बुरी खबर हम तक न पहुंचे, लेकिन अनहोनी हो गई।"

वहीँ, महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री व एनसीपी (शरद गुट) नेता अनिल देशमुख अजित पवार के प्लेन क्रैश की खबर सुनकर टूट चुके हैं। वह मीडिया से बात करते-करते रो पड़े, उनके पास कहने के लिए शब्द नहीं थे।

ये भी पढ़ें

Ajit Pawar Death: चाचा से बगावत, बहन से सियासी जंग! दो साल में ऐसे बिखरता चला गया पवार परिवार

Updated on:
28 Jan 2026 01:59 pm
Published on:
28 Jan 2026 01:34 pm
Also Read
View All

अगली खबर