मुंबई

‘अजित पवार के प्लेन क्रैश का सच जल्द सामने आए’, फडणवीस ने अमित शाह से की बड़ी मांग; भावुक हुईं सुनेत्रा पवार

Ajit Pawar Plane Crash Investigation Report: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बारामती विमान हादसे की जांच रिपोर्ट जल्द से जल्द सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अजित पवार के विमान हादसे के लिए जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
3 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 4:20 PM IST
Ajit Pawar Statue Unveiling Pune
अमित शाह के सामने CM फडणवीस ने उठाया विमान हादसे का मुद्दा (Photo: X/@mieknathshinde)

Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से विमान हादसे की जांच रिपोर्ट जल्द जारी कराने का अनुरोध किया है। फडणवीस ने स्पष्ट कहा कि हादसे की सच्चाई सामने आनी चाहिए और यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह मांग अमित शाह की मौजूदगी में की। इस दौरान अजित पवार की याद में आयोजित कार्यक्रम में महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार व कई वरिष्ठ नेता भावुक नजर आए।

हादसे की सच्चाई जल्द सामने आनी चाहिए- फडणवीस

पुणे जिला परिषद परिसर स्थित यशवंतराव चव्हाण भवन में सोमवार को दिवंगत अजित पवार के अर्धप्रतिमा का अनावरण किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रतिमा का अनावरण किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, एकनाथ शिंदे समेत कई प्रमुख नेता मौजूद थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने अजित पवार की विमान दुर्घटना की जांच का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि हादसे की रिपोर्ट जल्द से जल्द सामने आनी चाहिए, ताकि दुर्घटना को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सके।

फडणवीस ने कहा, "अजित पवार के विमान हादसे की सच्चाई जल्द सामने आनी चाहिए। रिपोर्ट जल्दी आए, इसके लिए मैंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी अनुरोध किया है। हादसे को लेकर पूरी स्पष्टता होनी चाहिए। यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"

28 जनवरी को बारामती में हुआ था विमान हादसा

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता और तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की इसी साल 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इस घटना से महाराष्ट्र की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई थी।

हादसे की जांच महाराष्ट्र अपराध अन्वेषण विभाग (CID) और केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय के अधीन विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) अलग-अलग कर रहे हैं। अब मुख्यमंत्री फडणवीस ने जांच रिपोर्ट जल्द जारी करने की मांग उठाई है।

अमित शाह बोले- अजित पवार का निधन अपूरणीय क्षति

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अजित पवार के निधन को अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि अजित दादा के निधन से जो शून्य पैदा हुआ है, उसकी भरपाई कई दशकों तक नहीं हो सकेगी। उनके काम करने का तरीका आने वाली पीढ़ियों के नेताओं के लिए मार्गदर्शक साबित होगा। शाह ने अजित पवार को दूरदर्शी, स्पष्टवादी और साहसी नेता बताते हुए कहा कि वह हमेशा आम लोगों और जमीनी हकीकत से जुड़े रहे।

सुनेत्रा पवार समेत कई नेता हुए भावुक

अजित पवार की अर्धप्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में उनकी पत्नी और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार भी मौजूद थीं। इस दौरान अजित पवार के राजनीतिक सफर, उनके काम करने के तरीके और लोगों के साथ उनके जुड़ाव को याद किया गया। इस दौरान सुनेत्रा पवार समेत कार्यक्रम में मौजूद कई नेता भावुक हो गए।

पुणे में आयोजित कार्यक्रम के दौरान की तस्वीर (Photo: X/@mieknathshinde)

अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार ने संभाली NCP की कमान

अजित पवार जुलाई 2023 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के अधिकांश विधायकों के साथ भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन में शामिल हो गए थे। इसके बाद शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी का विभाजन हो गया था।

अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने पार्टी की कमान संभाली और महायुति सरकार में उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली।

अब अजित पवार विमान हादसे की जांच रिपोर्ट को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बयान के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें हैं। जांच में दुर्घटना के कारणों और संभावित जिम्मेदारियों का खुलासा होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

Updated on:
16 Nov 2026, 4:20 PM IST
Published on: