मुंबई

अटल सेतु पर दौड़ाया ऑटो रिक्शा! तिपहिया वाहन है बैन, फिर भी उड़ाई नियमों की धज्जियां

Auto Rickshaw on Atal Setu: अटल सेतु पर रविवार को कम से कम 264 मोटर चालकों का चालान काटा गया।

2 min read
Jan 15, 2024
अटल सेतु पर दिखा ऑटो रिक्शा

Mumbai Trans Harbour Link MTHL: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक (एमटीएचएल) ब्रिज का शुभारंभ किया। एमटीएचएल यानी अटल सेतु ब्रिज 18 हजार करोड़ रुपये की लागत से बना है. 21.8 किमी लंबा छह लेन वाला एमटीएचएल देश का सबसे लंबा समुद्री पुल है। इसका 16.5 किमी हिस्सा समुद्र में और 5.5 किमी जमीन पर है। शनिवार सुबह से इस पर यातायात शुरू हुआ।

अटल सेतु से एक दिन में करीब 70 हजार वाहनों के गुजरने का अनुमान है। अटल सेतु पर कई लोग खुलेआम ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। इसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। कई वाहन चालक यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते कैमरे में रिकॉर्ड हुए है। ऐसे ही एक वीडियो में ऑटो रिक्शा मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक ब्रिज पर तेजी से दौड़ता नजर आ रहा है। यह भी पढ़े-Atal Setu: मौज-मस्ती के लिए रोकी गाड़ी तो पड़ेगा भारी, दर्ज होगा क्रिमिनल केस! संडे को कटा 264 का चालान

यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी करते ऑटो रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। दरअसल अटल सेतु पर दोपहिया और तिपहिया वाहन चलाने की अनुमति नहीं है।

नवी मुंबई को दक्षिण मुंबई से जोड़ने वाले सबसे लंबे एमटीएचएल समुद्री पुल पर साइकल, बाइक, ऑटोरिक्शा और ट्रैक्टर सहित सभी तिपहिया वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित है। अधिकारियों का कहना है कि तेज गति से चलने वाले भारी वाहनों से छोटे वाहनों को बड़ा खतरा हो सकता है, इसीलिए अटल सेतु पर ऑटो और दोपहिया वाहनों को अनुमति नहीं है।

ऐसे कई वीडियो सामने आये है, जिसमें लोग अटल सेतु को पिकनिक स्पॉट समझकर वाहन कहीं भी खड़ी कर रहे है और तस्वीरें निकाल रहे है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने अटल सेतु पुल के किनारे खड़े वाहनों की वीडियो पोस्ट की है। कुछ वीडियो में तो लोग तस्वीरें लेने के लिए डेक पर जाते दिख रहे है, जो कि बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।

रविवार को ट्रैफिक पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों को दंडित किया। रविवार को कम से कम 264 मोटर चालकों पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि समुद्री पुल के बारे में वायरल सोशल मीडिया तस्वीरों और वीडियो को देखते हुए रविवार को बड़ी संख्या में लोग अटल सेतु पर इकट्ठा हुए थे। इस दौरान उन्होंने सेल्फी लेने के लिए पुल के बीच में अपना वाहन खड़ा किया।

Published on:
15 Jan 2024 06:43 pm
Also Read
View All