
डोनाल्ड ट्रंप का फूटा गुस्सा
Donald Trump Melania Trump slams Comedian Jimmy Kimmel: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मशहूर लेट नाइट शो होस्ट जिमी किमेल के बीच की कड़वाहट अब एक बड़े विवाद में तब्दील हो गई है। 27 अप्रैल को डोनाल्ड ट्रंप का गुस्सा फूट पड़ा, उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक बेहद कड़ा पोस्ट करते हुए डिज्नी और एबीसी (ABC) नेटवर्क से मांग की। उन्होंने जिमी किमेल को तुरंत बर्खास्त करने को कहा। ट्रंप का यह गुस्सा किमेल के शो में दिखाए गए एक कथित 'फर्जी वीडियो' और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप पर की गई भद्दी टिप्पणी को लेकर है।
ट्रंप ने आरोप लगाया कि जिमी किमेल ने अपने शो में एक एडिटेड फर्जी वीडियो दिखाया, जिसमें फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और उनके बेटे बैरन ट्रंप को स्टूडियो की ऑडियंस के बीच बैठा दिखाया गया था। ट्रंप का कहना है कि वह दोनों वहां कभी मौजूद ही नहीं थे।
ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, “जिमी किमेल, जिनकी गिरती हुई रेटिंग यह साबित करती है कि वह जरा भी मजेदार नहीं हैं, उन्होंने एक चौंकाने वाला काम किया है। उन्होंने मेलानिया और बैरन का फर्जी वीडियो दिखाया। हद तो तब हो गई जब किमेल ने मेलानिया की ओर इशारा करते हुए कहा- 'मिसेज ट्रंप, आपके चेहरे पर वैसी ही चमक है जैसी किसी गर्भवती विधवा के चेहरे पर होती है।'” ट्रंप ने इस टिप्पणी को बेहद घिनौना और शर्मनाक बताया है।
ट्रंप ने इस विवाद को केवल अपमान तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे सुरक्षा से भी जोड़ा। उन्होंने जिक्र किया कि 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' के दौरान एक सशस्त्र व्यक्ति ने घुसने की कोशिश की थी। ट्रंप ने दावा किया कि किमेल जैसे लोगों के नफरत भरे बयान हिंसा भड़काने का काम करते हैं। उन्होंने लिखा, “मैं आमतौर पर ऐसी बातों पर प्रतिक्रिया नहीं देता, लेकिन यह मामला बहुत गंभीर है। डिज्नी और एबीसी को उन्हें फौरन निकाल देना चाहिए।”
आमतौर पर शांत रहने वाली मेलानिया ट्रंप ने भी इस बार चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने किमेल के मोनोलॉग को 'कॉमेडी' मानने से इनकार कर दिया। मेलानिया ने सार्वजनिक बयान जारी कर कहा कि किमेल के शब्द 'विनाशकारी' और 'जहरीले' हैं। उन्होंने लिखा, “किमेल एक कायर की तरह एबीसी नेटवर्क के पीछे छिपते हैं क्योंकि उन्हें पता है कि नेटवर्क उनका बचाव करेगा। अब बहुत हो गया है, एबीसी को कड़ा रुख अपनाना चाहिए। आखिर हमारी कम्युनिटी की कीमत पर किमेल के इस घटिया बर्ताव को कब तक बर्दाश्त किया जाएगा?”
फिलहाल, एबीसी नेटवर्क या जिमी किमेल की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन ट्रंप परिवार के इस आक्रामक रुख ने अमेरिका के राजनीतिक और मीडिया गलियारों में हलचल मचा दी है।
Updated on:
28 Apr 2026 09:22 am
Published on:
28 Apr 2026 09:22 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
