
Balasaheb Thackeray Death Anniversary: शिवसेना के संस्थापक और महाराष्ट्र की राजनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल बालासाहेब ठाकरे की 14वीं पुण्यतिथि पर राज्य के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर बालासाहेब को याद किया। नेताओं ने उनके विचारों, बेबाक नेतृत्व और महाराष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पर मराठी में पोस्ट करते हुए लिखा, "साहेब, आपके विचार और स्मृतियां सदैव हमारे मन में रहेंगी। वंदनीय हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे को स्मृति दिवस पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि।"
शिंदे ने अपने संदेश के जरिए बालासाहेब के विचारों और उनकी स्मृतियों को हमेशा अपने साथ रखने की बात कही।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बालासाहेब ठाकरे को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने संदेश में बालासाहेब को एक प्रभावशाली नेता बताते हुए कहा कि उनके बेबाक विचारों, मजबूत नेतृत्व और महाराष्ट्र के प्रति गहरे प्रेम ने राज्य के राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य पर अमिट छाप छोड़ी है।
फडणवीस ने कहा कि बालासाहेब का निर्भीक नेतृत्व, दमदार आवाज और महाराष्ट्र के गौरव के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता आज भी लाखों लोगों के दिलों में जीवित है।
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने भी बालासाहेब ठाकरे की 14वीं पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा कि अपने ओजस्वी वक्तृत्व से महाराष्ट्र के राजनीतिक और सामाजिक जीवन पर अमिट छाप छोड़ने वाले शिवसेना प्रमुख हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे को पुण्यतिथि पर विनम्र अभिवादन।
उन्होंने आगे कहा कि बालासाहेब के विचार, कार्य और स्मृतियां हमेशा प्रेरणा देती रहेंगी।
बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र की राजनीति में अपनी बेबाक शैली, प्रभावशाली वक्तृत्व और विशिष्ट नेतृत्व के लिए पहचाने जाते रहे हैं। उनकी पुण्यतिथि पर राज्य के शीर्ष नेताओं की श्रद्धांजलि के जरिए एक बार फिर उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया गया।