मुंबई

मुंबई: BEST बस के निजी कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, CM शिंदे से मुलाकात के बाद बनी बात, मानी ये मांगे

BEST Strike Called Off: 75 वर्ष पुरा कर चुकी बेस्ट उपक्रम मुंबई और इसके आसपास के क्षेत्रों में बस सेवा मुहैया कराती है और इसके 3,600 बसों के बेड़े में 400 से अधिक ई-बसें शामिल हैं।

2 min read
Aug 08, 2023
मुंबई में बेस्ट बस सेवा प्रभावित

Mumbai BEST Bus Strike: मुंबई में सार्वजनिक परिवहन निकाय ‘बेस्ट’ के बेड़े में शामिल निजी बसों के चालकों की हड़ताल (BEST Bus Workers Strike) आखिरकार ख़त्म हो गई है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हस्तक्षेप के बाद मुंबई के लोगों को यह राहत मिली है। प्रदर्शनकारी चालकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सीएम शिंदे से आधी रात में मुलाकात की और मंगलवार दोपहर को हड़ताल वापस ले ली।

वेतन वृद्धि और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर वेट लीज पर काम करने वाले ड्राइवरों ने बुधवार को अचानक कामकाज ठप कर दिया था। सात दिन से अधिक समय तक चले इस आंदोलन से जनता परेशान थी. हालांकि अब ये सभी प्राइवेट कर्मचारी काम पर लौट आये है। यह भी पढ़े-मुंबई में बेस्ट बस सेवा लड़खड़ाई, अचानक हड़ताल पर गए कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी, जानें क्या है मांग


काम पर लौटे हड़ताली कर्मचारी

बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) में कॉन्ट्रैक्ट ड्राइवरों के हड़ताल पर चले जाने से एक हजार से अधिक बसें नहीं चल रहीं थीं। हड़ताली कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री शिंदे से बीती रात मुलाकात की। इस दौरान सरकार की ओर से उनके वेतन में वृद्धि सहित अन्य मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया गया।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आश्वासन दिया है कि बेस्ट में वेट लीज पर काम करने वाले ड्राइवरों के वेतन वृद्धि, साप्ताहिक अवकाश और अन्य सुविधाओं की मांगों को लागू किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा, हम सीएम द्वारा दिए गए आश्वासन से संतुष्ट हैं। इसलिए हमने आंदोलन खत्म कर दिया है। आज दोपहर से बसों के संचालन का काम फिर से शुरू करेंगे।


BEST के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की ये मांगें मानी गईं

कर्मचारियों का मूल वेतन 18,000 होगा। उन्हें वार्षिक छुट्टी (CL / SL / PL) मिलेगी। मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। दिवाली बोनस भी दिया जायेगा। हफ्ते में एक छुट्टी मिलेगी। सरकार कंपनियों को कर्मचारियों को वार्षिक वेतन वृद्धि देने का निर्देश देगी। हड़ताल के समय यानी पिछले सात दिनों का वेतन दिया जायेगा।

मालूम हो कि बेस्ट उपक्रम मुंबई में सार्वजनिक परिवहन की जरुरत को पूरा करने के लिए वेट लीज मॉडल पर निजी ठेकेदारों से बसें किराए पर लेती है। वेट लीज मॉडल के तहत, निजी ऑपरेटर ही बस के मालिक होते है और वह इनके रखरखाव, ईंधन और ड्राइवरों के वेतन की जिम्मेदारी उठाते हैं।

Published on:
08 Aug 2023 03:20 pm
Also Read
View All