मुंबई

भारत बंद को लेकर जबरन बंद कराई गई दुकानें,पटरी पर भी उतरे प्रदर्शनकारी

मानखुर्द शिवाजी नगर विधानसभा में बंद का अच्छा असर देखने को मिला...
2 min read
• •
Updated: 10 Sep 2018, 4:39 PM IST
ptotest
ptotest

(पत्रिका ब्यूरो,मुंबई): पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ विपक्षी दलों के भारत बंद के दौरान मनसे कार्यकर्ताओं ने वर्सोवा में मेट्रो ट्रेन रोक दी और मुंबई में जबरन दुकानें बंद करवाईं। मुंबई के डीएन नगर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बंद समर्थक कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक चव्हाण, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरूपम, माणिकराव ठाकरे समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इसी दरम्यान मुंबई में अधिकतर पेट्रोल पंप बंद नजर आए तो वहीं सुरक्षा के लिहाज से कई स्कूल-कॉलेज भी बंद रहे।

मनसे कार्यकर्ताओं ने मुलुंड और विक्रोली में ट्रेन रोकने का प्रयास किया, वहीं चेंबूर, वासी नाका, प्रतीक्षानगर में बेस्ट बसों को भी रोका गया। इसके अलावा मनसे कार्यकर्ताओं ने डीएननगर मेट्रो स्टेशन में मेट्रो रोकी और इस मामले में मनसे के अंधेरी विभागाध्यक्ष संदेश देसाई व मनसे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। वहीं मुंबई समेत राज्य भर में पुलिस अलर्ट पर रही। वहीं गोवंडी में कांग्रेस और मनसे कार्याकताओं ने मिलकर दुकानें बंद करवाईं।


इसके अलावा मलाबार हिल ग्रांट रोड पर बंद का असल मिला-जुला दिखाई दिया। मानखुर्द शिवाजी नगर विधानसभा में बंद का अच्छा असर देखने को मिला। पेट्रोल-डीजल के दिन-प्रतिदिन बढ़ते दामों और महंगाई के खिलाफ विपक्षी दलों द्वारा आहूत भारत बंद के लिए जनसमर्थन जुटाने के लिए कांग्रेस ने मुंबई के अलग-हिस्सों में रैलियां निकालीं।


मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरूपम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने मिलकर केंद्र सरकार को घेरा। निरूपम ने कहा कि पेट्रोल डीजल और रसोई गैस सिलिंडर की कीमते बढने से घरेलू बजट बिगड गया है। वहीं अशोक चव्हाण ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत करीब 80 डॉलर प्रति बैरल, यानी 2014 की तुलना में 30 डॉलर कम है फिर भी आज मुंबई में पेट्रोल की कीमत 87.77 रुपये और डीजल की कीमत 76.96 रुपए है।

Published on: